
आरा/भोजपुर ( डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)07 जून।भोजपुर जिले के बहोरनपुर थाना क्षेत्र का 50 हजार रुपये का इनामी और मोस्ट वांटेड अपराधी अंगद ठाकुर उर्फ संतोष ठाकुर आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। बिहार एसटीएफ और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उसे यूपी के बलिया जिले के सहतवार थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।पुलिस के अनुसार गौरा गांव निवासी अंगद ठाकुर पिछले करीब नौ वर्षों से फरार चल रहा था।इसपर हत्या, हत्या के प्रयास, गोलीबारी और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित था। भोजपुर पुलिस की टॉप-10 अपराधियों की सूची में भी उसका नाम शामिल था।गिरफ्तारी के लिए पुलिस मुख्यालय ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार 2017 में पहरपुर गांव में पूर्व मुखिया केदार पांडेय के बड़े भाई 80 वर्षीय राजनारायण पांडेय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी जिसमें आरोपित था। इसके अलावा उसी वर्ष गौरा पंचायत के तत्कालीन मुखिया रामदेव ठाकुर के पुत्र मनोज ठाकुर की हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। जांच में दोनों घटनाओं को पुरानी रंजिश और प्रतिशोध से जुड़ा माना गया था। वहीं 2021 को सुरंगापुर गांव में वर्चस्व की लड़ाई और पुरानी दुश्मनी को लेकर हुई गोलीबारी के मामले में भी अंगद ठाकुर नामजद अभियुक्त था जिसका पटाक्षेप हो गया।बिहार एसटीएफ और उत्तर प्रदेश पुलिस ने तकनीकी निगरानी तथा मानवीय सूचनाओं के आधार पर गिरफ्तार किया और पूछताछ कर अन्य आपराधिक मामलों की जानकारी जुटाने में लगी है।
