दिशा की बैठक में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत एवं राशन वितरण समेत विभिन्न योजनाओं की हुई व्यापक समीक्षा।

निर्धारित समयसीमा में विकास योजनाएं पूर्ण करने तथा पूर्व निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने के दिए गए निर्देश।
RKTV NEWS/गढ़वा(झारखंड)04 जून।जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक आज समाहरणालय सभागार में पलामू लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं समिति के अध्यक्ष विष्णु दयाल राम की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य प्रायोजित विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के प्रारंभ में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा ने सांसद, गढ़वा विधायक सतेन्द्र नाथ तिवारी, भवनाथपुर विधायक अनंत प्रताप देव, जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी, नगर परिषद गढ़वा, नगर पंचायत मझिआंव एवं श्रीबंशीधर नगर पंचायत के अध्यक्षों सहित उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया।
इसके उपरांत जिला विकास शाखा के प्रभारी पदाधिकारी धीरज प्रकाश द्वारा पिछली दिशा समिति बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन प्रतिवेदन को समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बैठक में सड़क निर्माण, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, राशन वितरण, धान अधिप्राप्ति, नगर विकास, वन, भू-अर्जन, खनन एवं अन्य विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
सांसद ने पथ निर्माण विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, जलपथ प्रमंडल, राष्ट्रीय राजमार्ग तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत संचालित सड़क, पुल एवं पुलिया निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्माण कार्यों के कारण हटाए गए चापाकलों को पुनः स्थापित करने की भी आवश्यकता जताई।
गढ़वा विधायक द्वारा पूर्व में उठाए गए सड़क निर्माण संबंधी विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई, जिस पर संबंधित कार्यपालक अभियंताओं ने कार्य प्रगति की जानकारी दी। सांसद वीडी राम ने नगर ऊंटारी गरबांध-रोहिणिया पथ निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं की जानकारी लेते हुए सभी अवरोधों को शीघ्र दूर कर समय पर कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
राष्ट्रीय राजमार्ग एवं भू-अर्जन मामलों की समीक्षा
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के कार्यों की समीक्षा के दौरान परियोजना निदेशक ने बताया कि पुराने एनएच-75 गढ़वा-रेहला शहरी भाग का निर्माण कार्य स्टेट हाईवे अथॉरिटी ऑफ झारखंड (SHAJ) द्वारा कराया जा रहा है। साथ ही बिलासपुर टोल प्लाजा पर टोल टैक्स की वसूली नियमों के अनुरूप की जा रही है।
मेराल अस्पताल की चहारदीवारी से संबंधित मुआवजा राशि एनएचएआई द्वारा जिला भू-अर्जन कार्यालय को भेजे जाने तथा आगे स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित किए जाने की जानकारी भी दी गई।
सोन-कनहर जलापूर्ति योजना एवं पेयजल व्यवस्था पर विशेष जोर
बैठक में जलपथ प्रमंडल के अंतर्गत संचालित महत्वाकांक्षी सोन-कनहर पाइपलाइन जलापूर्ति योजना की समीक्षा की गई। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुके हैं तथा शेष कार्य प्रगति पर हैं।
सांसद ने योजना को प्राक्कलन की निर्धारित विशिष्टियों के अनुरूप एवं तय समयसीमा के भीतर पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने जिले के सभी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में विभिन्न प्रखंड प्रमुखों ने गर्मी के मौसम में पेयजल संकट, खराब चापाकल, जलमीनारों की मरम्मत में देरी तथा पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की समस्याएं उठाईं। सांसद ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के अधिकारियों ने बताया कि जिले में युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य संचालित किया जा रहा है तथा प्रत्येक प्रशाखा में विशेष मरम्मत दल एवं वाहन उपलब्ध कराए गए हैं।
शिक्षा व्यवस्था पर सांसद की सख्ती, निजी विद्यालयों की फीस पर भी चिंता
जिले की शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सांसद ने विद्यालयों में पठन-पाठन, पेयजल, शौचालय, मध्याह्न भोजन एवं विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था संबंधी विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को सभी विद्यालयों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान विद्यालयों में नियुक्त शिक्षकों के स्थान पर अन्य व्यक्तियों द्वारा शिक्षण कार्य कराए जाने का मुद्दा भी उठा। इस पर सांसद ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला शिक्षा अधीक्षक को दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इसके अतिरिक्त निजी विद्यालयों द्वारा ली जा रही अतिरिक्त फीस पर भी चिंता व्यक्त करते हुए आवश्यक जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान भवनाथपुर विधायक ने डंडई प्रखंड अस्पताल में विद्युत व्यवस्था नहीं होने का मुद्दा उठाया। इस पर सांसद ने सिविल सर्जन एवं विद्युत विभाग को समन्वय स्थापित कर शीघ्र बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने जिले के सभी अस्पतालों में 108 एम्बुलेंस सेवा की उपलब्धता तथा बरसात के मौसम में सर्पदंश से निपटने की तैयारियों की भी जानकारी ली। सिविल सर्जन ने बताया कि आवश्यक दवाओं एवं व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है।
किसानों के भुगतान में देरी पर जताई नाराजगी
धान अधिप्राप्ति की समीक्षा के दौरान सांसद ने किसानों को धान विक्रय की राशि एवं बोनस भुगतान में हो रही देरी पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को सभी किसानों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। राशन वितरण प्रणाली की समीक्षा के दौरान भी आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
विद्युतीकरण एवं जर्जर तार-पोल बदलने के निर्देश
विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए सांसद ने जिले के सभी छूटे हुए गांवों एवं टोलों में विद्युतीकरण, जर्जर पोल एवं तारों के प्रतिस्थापन, कृषि कार्य हेतु अलग फीडर की व्यवस्था तथा अस्पतालों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यपालक अभियंता ने बताया कि मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना के तहत शेष गांवों का सर्वेक्षण किया जा रहा है तथा आरडीएसएस योजना के अंतर्गत जर्जर विद्युत संरचनाओं के प्रतिस्थापन का कार्य जारी है।
नगर निकायों को सांसद एवं विधायक अनुशंसा पर योजनाएं संचालित करने का निर्देश
नगर परिषद गढ़वा, नगर पंचायत मझिआंव एवं श्री बंशीधर नगर की समीक्षा के दौरान सांसद ने नगर निकायों को आवंटित राशि का कम-से-कम 5 प्रतिशत भाग सांसद एवं विधायक अनुशंसा से प्राप्त जनहितकारी योजनाओं पर खर्च करने का निर्देश दिया।
भूमाफियाओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का निर्देश
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान भूमाफियाओं द्वारा भूमि पर अवैध कब्जे के मामलों पर गंभीर चर्चा हुई। सांसद ने पुलिस अधीक्षक एवं अपर समाहर्ता को ऐसे मामलों में कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जनहित में कार्य करना ही प्रशासन की प्राथमिकता हो : सांसद
बैठक के दौरान कुछ विभागों द्वारा पूर्व में दिए गए निर्देशों का समुचित अनुपालन नहीं किए जाने पर सांसद ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता, जवाबदेही एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए ताकि अधिक से अधिक लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
बैठक के समापन अवसर पर सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि *”सकारात्मक सोच, संवेदनशील प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समन्वय से ही जिले का सर्वांगीण विकास संभव है। सभी अधिकारी जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करें ताकि अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाया जा सके।”*
सांसद की अनुमति से बैठक की कार्यवाही समाप्त घोषित की गई तथा आगामी दिशा समिति बैठक में सभी विभागों को निर्गत निर्देशों के अनुरूप अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर, उत्तरी एवं दक्षिणी वन प्रमंडल पदाधिकारी,उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू, अपर समाहर्ता विकास कुमार राय, अनुमंडल पदाधिकारी रंका परवेज आलम, सामाजिक वानिकी पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी, अभियंत्रण विभागों के कार्यपालक अभियंता, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

