वितरण व्यवस्था में न हो लापरवाही।
ई-केवाईसी अभियान में तेजी लाएं, गड़बड़ी करने वालों पर करें कार्रवाई।
खाद्यान्न और गैस वितरण व्यवस्था को हर हाल में करें दुरुस्त।
एलपीजी वितरण में बैकलॉग क्लियर करें, समय पर हो डिलीवरी।
जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक सम्पन्न।
RKTV NEWS/आरा (भोजपुर)12 मई।जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले की खाद्यान्न आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
बैठक में ऑनलाइन प्राप्त राशन कार्ड आवेदनों के निष्पादन, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर लंबित मामलों, राशन कार्ड टैगिंग, ई-केवाईसी, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों के निरीक्षण, डोर स्टेप डिलीवरी, खाद्यान्न वितरण, न्यायालय से संबंधित मामलों, धान अधिप्राप्ति एवं गेहूं आपूर्ति सहित विभिन्न बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई।
अपर समाहर्ता सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने पीपीटी के माध्यम से जिले में चल रही आपूर्ति व्यवस्था एवं प्रगति की जानकारी जिला पदाधिकारी को दी।
समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि आवेदन करने वाले सभी योग्य लाभुकों का राशन कार्ड जल्द निर्गत किया जाए। साथ ही एसडीओ एवं एमओ स्तर पर लंबित मामलों का अविलंब निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी एमओ को नियमित फील्ड विजिट कर लंबित मामलों को समाप्त करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने अभियान चलाकर ई-केवाईसी का लक्ष्य पूरा करने तथा अयोग्य लाभुकों को सूची से हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने संदिग्ध राशन कार्ड धारियों का मिशन मोड में सत्यापन कर कार्रवाई करने को भी कहा।
उन्होंने जन वितरण प्रणाली की दुकानों का नियमित निरीक्षण करने तथा गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही एग्रीमेंट के अनुरूप वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित कर समय पर जविप्र दुकानों तक खाद्यान्न पहुंचाने पर बल दिया, ताकि लाभुकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
एलपीजी वितरण व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने तीनों ऑयल कंपनियों के फील्ड अधिकारियों को वितरण पेंडेंसी कम करने और बैकलॉग क्लियर करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गैस वितरण व्यवस्था को लेकर अब भी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, इसलिए गैस वितरकों पर प्रभावी नियंत्रण रखते हुए समय पर डिलीवरी सुनिश्चित कराई जाए।
उन्होंने जब्त सिलेंडरों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुनः रिलीज कर उपभोक्ताओं तक समय पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी सुजीत कुमार, जिला सहकारिता पदाधिकारी संजय कुमार सिन्हा, डीएम एसएफसी सुमित कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

