
उमरिया/मध्यप्रदेश( मनोज कुमार प्रसाद)02 मई।मध्य प्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर “आरोह 2026” का शुभारंभ स्टेडियम उमरिया में किया गया। कलेक्टर राखी सहाय के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक विजय भगवानी के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीताराम के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस शिविर का विधिवत शुभारंभ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकाी सीताराम द्वारा किया गया।
शिविर 1 से 31 मई तक संचालित होगा, जिसमें हॉकी, हैंडबॉल, फुटबॉल, क्रिकेट, बैडमिंटन एवं वॉलीबॉल के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास ही नहीं, बल्कि मानसिक मजबूती का भी आधार है। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान खेल प्रशिक्षण के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियां,नशा मुक्ति, साइबर क्राइम,मोबाइल एडिक्शन एवं देश में लागू नए कानूनों पर कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी, जिससे खिलाड़ियों में जागरूकता बढ़ेगी।
उन्होंने बच्चों में बढ़ते मोबाइल उपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे आंखों सहित शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। इसका प्रभावी समाधान खेलों में सक्रिय भागीदारी है। उन्होंने छात्रों को खेल को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में इस वर्ष बालिकाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण की विशेष व्यवस्था की गई है। साथ ही, खिलाड़ियों को प्रतिदिन स्वल्पाहार एवं खेल यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। खेल विभाग द्वारा अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इस शिविर से प्रशिक्षित कई खिलाड़ी पूर्व में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन कर चुके हैं। खिलाड़ियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में ऑनलाइन पंजीयन कर शिविर का लाभ उठाएं। इस अवसर पर क्रिकेट प्रशिक्षक हिमांशु यादव, हॉकी प्रशिक्षक संजय सिंह एवं प्रवीण पसेरिया, हैंडबॉल प्रशिक्षक आकाश बर्मन एवं शिवप्रताप पाल सहित खेल एवं युवा कल्याण विभाग के चरण सिंह उपस्थित रहे।
