
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)02 मई।आज जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में ज़ूम मीटिंग के माध्यम से शाहपुर प्रखंड स्थित जवईनिया गाँव में गंगा नदी के कटाव से उत्पन्न स्थिति और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास हेतु एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनर्वास की प्रक्रिया को त्वरित रूप से निष्पादित किया जाए और सभी प्रभावित परिवारों को समस्त जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ तत्काल उपलब्ध कराया जाए।
जिला प्रशासन द्वारा अब तक 165 प्रभावित परिवारों को प्रति परिवार ₹1.20 लाख गृह क्षति की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है, वहीं 74 भूमिहीन परिवारों को भूमि का परचा भी उपलब्ध करा दिया गया है।
साथ ही, बिलौटी में चिन्हित भूमि पर टाउनशिप निर्माण कार्य की स्वीकृति भी प्रदान कर दी गई है, जिससे प्रभावित परिवारों के स्थायी पुनर्वास का मार्ग प्रशस्त हो सके।
पुनर्वास कार्य को जल्द से जल्द संपन्न करने के साथ-साथ जिला पदाधिकारी द्वारा फ्लड कंट्रोल डिवीजन को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि जवईनिया गांव में कटाव की रोकथाम हेतु जारी बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य को युद्धस्तर पर पूर्ण किया जाए, ताकि भविष्य में कटाव की संभावना को समाप्त किया जा सके।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त भोजपुर, अपर समाहर्ता आपदा, अनुमंडल पदाधिकारी जगदीशपुर, भूमि सुधार उप समाहर्ता जगदीशपुर, निदेशक NEP, प्रभारी पदाधिकारी आपदा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
