
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)30 अप्रैल।प्रमण्डलीय आयुक्त, संथाल परगना प्रमण्डल, दुमका संजय कुमार की अध्यक्षता में कन्वेंशन सेंटर, दुमका में सड़क सुरक्षा सेमिनार 2026 का आयोजन किया गया।
सेमिनार को संबोधित करते हुए प्रमण्डलीय आयुक्त ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा विभिन्न माध्यमों से सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। सड़क सुरक्षा सप्ताह एवं सड़क सुरक्षा माह जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों के पालन की जानकारी दी जाती है।
उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए तथा विशेष रूप से युवाओं तक सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से जागरूकता पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े आपातकालीन नंबर सभी के पास उपलब्ध हों, यह सुनिश्चित किया जा रहा है। अभिभावकों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों को प्रारंभ से ही यातायात नियमों की जानकारी दें, ताकि वे भविष्य में इसे गंभीरता से अपनाएं।
उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने में सभी का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील करते हुए कहा कि बिना हेलमेट वाहन न चलाएं तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर जिला परिवहन विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यातायात नियम हमारी सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं और उनका पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। जिला प्रशासन द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर निरंतर कार्य किया जा रहा है तथा दुर्घटना की स्थिति में त्वरित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
साथ ही, विभिन्न स्थानों पर जागरूकता संबंधी स्लाइड्स एवं संकेतक लगाए जा रहे हैं और आने वाले समय में यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य जारी है।
उन्होंने आमजनों से सड़क सुरक्षा से संबंधित सुझाव देने की अपील करते हुए कहा कि प्राप्त सुझावों पर प्राथमिकता के आधार पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जीवन अनमोल है और उसे सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।
मौके पर पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे।
