सांवेर को पूर्ण रूप से सिंचित क्षेत्र बनाया जायेगा : मंत्री
इंदौर/मध्यप्रदेश (मनोज कुमार प्रसाद)26 मार्च। मध्यप्रदेश में सिंचाई का दायरा लगातार बढ़ रहा है और जल प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किए जा रहे हैं। यह सिलसिला आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा आगामी वर्ष तक सांवेर क्षेत्र को पूर्ण रूप से सिंचित बनाने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। यह बात जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने गुरुवार को केवड़ेश्वर घाट के लोकार्पण अवसर पर कही।
श्री सिलावट ने कहा कि साधु-संतों की उपस्थिति में किया गया प्रत्येक कार्य सफल होता है। पवित्र वातावरण में घाट का लोकार्पण होना क्षेत्र के लिए सौभाग्य की बात है। इस अवसर पर सांसद शंकर लालवानी, विधायक मधु वर्मा, श्रवण सिंह चावड़ा, खंडेल गुफा आश्रम के संत दर्शन गिरी महाराज एवं केवड़ेश्वर आश्रम के संत धर्मेंद्र गिरि महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रही।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने मां शिप्रा का विधिवत पूजन किया तथा भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
केवड़ेश्वर घाट के लोकार्पण के साथ ही यहां श्रद्धालुओं के लिए स्नान की समुचित व्यवस्था विकसित की जाएगी तथा घाट का सौंदर्यीकरण भी कराया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन यंत्री महेश परमार एवं अनुविभागीय अधिकारी गजेंद्र सिंह सिसोदिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


