
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)24 मार्च। सोमवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अभिजीत सिन्हा द्वारा ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया गया, जिसमें राज्य के ईवीएम नोडल पदाधिकारी देवदास दत्ता एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन करते हुए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, प्रवेश-निकास नियंत्रण व्यवस्था, गोदाम की सीलिंग तथा अभिलेखों के संधारण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।
इस क्रम में उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि ईवीएम एवं वीवीपैट की सुरक्षा और अखंडता सर्वोच्च प्राथमिकता है, अतः सभी निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल, भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को नियमित निगरानी, सतत निरीक्षण एवं अभिलेखों के अद्यतन संधारण पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही की संभावना समाप्त हो सके।
इस दौरान राज्य के ईवीएम नोडल पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे।

