
RKTV NEWS/आरा(भोजपुर)13 मार्च।”अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस” के उपलक्ष्य में “महिला, कानून और समाज” विषयक एक दिवसीय परिचर्चा का आयोजन जगजीवन कॉलेज,आरा की “राष्ट्रीय सेवा योजना” और “लिंग संवेदीकरण सेल” के संयुक्त तत्वावधान में जगजीवन कॉलेज सभागार में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्या प्रो(डॉ) आभा सिंह ने किया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता के तौर पर “दिशा: एक प्रयास” संगठन की अध्यक्ष डॉ कुमारी सुनीता सिंह एवं डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा की गौरवमयी उपस्थिति रही। विषय प्रवेश करते हुए लिंग संवेदीकरण सेल की नोडल अधिकारी डॉ सिद्धू कुमारी ने महिला के लिए संवैधानिक प्रावधानों, कानूनी स्थिति और उनकी वास्तविक सामाजिक स्थिति की असंगतता पर प्रकाश डाला।
प्राचार्या डॉ आभा सिंह ने अपने अध्यक्षीय वक्तव्य में पुरुषों और महिलाओं की एक दूसरे के लिए संवेदनशीलता पर बल देते हुए कहा कि महिला और पुरुष इस समाज की इकाई हैं। दोनों का विकास ही समाज को आगे लेकर जा सकता है।एक सक्रिय कार्यकर्ता के तौर पर अपने 21 साल लम्बे अनुभव को साझा करते हुए और उसे अपने जीवन के संघर्ष के साथ जोड़ते हुए डॉ सुनीता सिंह ने कहा कि बहुत बदलाओं के बावजूद आज भी महिलाओं के लिए जीवन का संघर्ष कठिन बना हुआ है।
समाज में लड़कियों की अस्वीकार्यता आज भी बनी हुई है। उन्होंने बाल विवाह को रोकना सबसे बड़ी चुनौती बताया। कार्यक्रम में मंच संचालन एन एस एस कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो जूली कुमारी के द्वारा किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन आई क्यू ए सी कॉर्डिनेटर डॉ असलम परवेज ने किया। इस अवसर पर कॉलेज के समस्त शिक्षकों सहित पीयूष , रोहित, जितेश, युवराज, अदिति, निशु आदि सभी विभागों के विद्यार्थियों की उपस्थिति सराहनीय रही।
