
RKTV NEWS/हाजीपुर (वैशाली)01 मार्च।जिलाधिकारी वैशाली वर्षा सिंह के मार्गदर्शन एवं समन्वय में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत के तत्वावधान में 27 एवं 28 फरवरी को राजापाकर प्रखंड के करणपूरा मैदान, रानी पोखर में दो दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2025-26 का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर राजापाकर के विधायक महेंद्र राम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार पूरे आयोजन में प्रशासनिक स्तर पर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई, जिससे प्रतियोगिता शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकी।
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पुरुष वर्ग में वॉलीबॉल एवं बैडमिंटन, महिला वर्ग में कबड्डी एवं बैडमिंटन तथा पुरुष एवं महिला रिले दौड़ का आयोजन किया गया। वॉलीबॉल में पातेपुर विजेता एवं भगवानपुर उपविजेता रहा, जबकि महिला कबड्डी में बिदुपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और भगवानपुर उपविजेता रहा। पुरुष रिले दौड़ में राजापाकर टीम प्रथम, प्रतापटांड यूथ क्लब द्वितीय तथा जी.ए. हाई स्कूल तृतीय स्थान पर रहा। महिला रिले दौड़ में पातेपुर प्रथम, भगवानपुर द्वितीय एवं वैशाली तृतीय स्थान पर रही। पुरुष बैडमिंटन में जंदाहा के वियोग कुमार विजेता तथा वैशाली के विभेश कुमार उपविजेता रहे, वहीं महिला बैडमिंटन में भगवानपुर की दीपा कुमारी विजेता एवं पातेपुर की आकांक्षा कुमारी उपविजेता रहीं।
विधायक महेंद्र राम ने विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा युवाओं को खेल के माध्यम से अनुशासन, एकता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के दौरान पंजीकृत सक्रिय युवा मंडलों को खेल सामग्री युक्त स्पोर्ट्स किट भी प्रदान की गई। उप निदेशक श्वेता सिंह ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में खेल एवं सामाजिक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर यह भी जानकारी दी गई कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में 8 मार्च को गोरौल के हॉकी ग्राउंड में खेलो इंडिया के साथ संयुक्त रूप से महिलाओं के लिए 100, 200 एवं 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की महिलाओं में फिट इंडिया संस्कृति को बढ़ावा देना है।
जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन युवाओं एवं महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु खेल गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा, ताकि वैशाली के प्रतिभाशाली खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर सकें।
