
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)01 फरवरी।कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा 27 से 31 जनवरी 2026 तक “व्यावसायिक फल उत्पादन” विषय पर आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया।
प्रशिक्षण के दौरान डॉ. विकास सिंह ने प्रतिभागियों को फलोद्यान की योजना, उच्च उपज देने वाली उन्नत किस्मों का चयन, पौध प्रवर्धन, प्रशिक्षण एवं छंटाई, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक विधि से फल उत्पादन कर किसान अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र, आरा की प्रमुख डॉ. शोभा रानी ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए फलोद्यान स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भोजपुर जिले में उद्यानिकी विकास की अपार संभावनाएँ हैं। यहाँ की जलवायु एवं मिट्टी सेब, बेर, नींबू सहित विभिन्न फलों की खेती के लिए अत्यंत अनुकूल है। किसानों को चाहिए कि वे पारंपरिक खेती के साथ-साथ बागवानी को भी अपनाएँ।कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों एवं युवाओं को फल उत्पादन को लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित करने हेतु आवश्यक तकनीकी ज्ञान प्रदान करना था।समापन अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
