पिथौरागढ़/उत्तराखंड 18 जून।स्वच्छ भारत मिशन के तहत जनपद पिथौरागढ़ में दिनांक 12 जून से 18 जून तक स्वच्छता सप्ताह के दौरान स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान के माध्यम से जनपद की जनता को सूखे व गीले कूड़े का अलग-अलग निस्तारण करने और अपने आस-पास साफ सफाई करने लिए जागरूक किया गया।
स्वच्छता सप्ताह के अंतिम दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी पिथौरागढ़ रीना जोशी के दिशा निर्देशानुसार जनपद अंतर्गत समस्त शासकीय और अशासकीय संस्थाओं, विद्यालयों, कार्यालयों में कार्यरत अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा स्वच्छता की शपथ के उपरांत वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया।
जिला कार्यालय, पिथौरागढ़ में जिलाधिकारी महोदय ने स्वच्छता अभियान कार्यक्रम में उपस्थित समस्त अधिकारी व कर्मचारी गणों को स्वच्छता के प्रति शपथ दिलाई।तत्पश्चात जिलाधिकारी की मौजूदगी में मोक्ष धाम रंधौला (निकट ऐंचोली) में युद्ध स्तर पर स्वच्छता अभियान कार्यक्रम चलाया गया और सफाई अभियान कार्यक्रम में उपस्थित समस्त जन को अपने आस-पास गंदगी न करने और साफ-सफाई करने की शपथ दिलाई गई। उक्त सफाई कार्यक्रम की स्थानीय जनता द्वारा प्रशंसा की गई। इसके बाद जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होटल श्रेष्ठ एंड स्वयंवर बैंकट हॉल में स्वच्छता गोष्ठी एवं पर्यावरण मित्रों का सम्मान कार्यक्रम किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी महोदय को पगड़ी, सोल व तलवार भेंट कर सम्मानित किया गया और 40 पर्यावरण मित्रों को सम्मान पुरस्कार दिया गया और उनके कार्य की प्रशंसा भी की गई।
जिलाधिकारी ने कहा की ईओ नगर पालिका ने स्वच्छता अभियान कार्यक्रम की रूपरेखा अच्छी बनाई है। हम लगातार स्वच्छता कार्यक्रम करते रहते हैं और नगरपालिका द्वारा भी लगातार स्वच्छता कार्य किया जा रहा है। हम लोग अपने घर के अंदर तो साफ सफाई करते हैं लेकिन अपने घर के आस-पास की गंदगी पर ध्यान नहीं देते हैं, जिस कारण प्रदूषण फैल जाने की स्थिति में हमें ही बीमार का सामना करना पड़ता है।
कूड़ा निस्तारण का कार्य सिर्फ नगरपालिका का ही नहीं है, हम सभी को सफाई के लिए अपना योगदान भी देना होगा। गीला कूड़ा और सूखा कूड़ा अलग-अलग कूड़ेदान में ही डालें क्योंकि हमारे द्वारा ऐसा ना करने से पर्यावरण मित्रों को गीला और सूखा कूड़ा अलग करने के लिए विषम परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। जहां आप और हम खड़े होना पसंद नहीं करते वहां उनके द्वारा कार्य किया जाता है। साफ सफाई रखना हम सभी का दायित्व है। जितना हो सके पॉलिथीन के इस्तेमाल से बचें और कपड़े से बने बैग का इस्तेमाल करें। उन्होंने इस कार्यक्रम में आने पर सभी को धन्यवाद दिया।

