सभी विभागों के विकासात्मक कार्यों की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश।

मार्च 2026 से पूर्व सभी लंबित कार्यों को हर हाल में पूर्ण करने का निर्देश।
RKTV NEWS/हाजीपुर (वैशाली)05 जनवरी।जिला पदाधिकारी, वैशाली वर्षा सिंह की अध्यक्षता में आज पुष्करणी सभागार, हाजीपुर में सभी विभागों एवं कार्यकारी एजेंसियों के साथ एक महत्वपूर्ण विकासात्मक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वैशाली जिले में संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत एवं गहन समीक्षा की गई।
सर्वप्रथम जिला पदाधिकारी द्वारा भवन निर्माण प्रमंडल, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, पथ निर्माण विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, विद्युत विभाग सहित सभी कार्यकारी एजेंसियों के माध्यम से चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई। इसके पश्चात पंचायती राज, आईसीडीएस, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन, कल्याण, जीविका, कृषि, जिला योजना, आपूर्ति, भू-अर्जन, आपदा प्रबंधन सहित अन्य विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
पंचायत सरकार भवन निर्माण की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन एवं भवन निर्माण विभाग को निर्देश दिया कि जिन पंचायतों में भूमि उपलब्ध करा दी गई है, वहां लंबित निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाएं। साथ ही सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पंचायत सरकार भवन हेतु चिह्नित भूमि इसी सप्ताह उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। जहां भूमि उपलब्ध नहीं है, वहां भूमि सुधार उप समाहर्ता के माध्यम से प्रतिवेदन समर्पित किया जाए।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से समन्वय स्थापित कर पंचायत सरकार भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित के सरकारी कार्यों में जो भी व्यक्ति बाधा उत्पन्न करेगा, उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। पंचायत सरकार भवनों तक पहुंच पथ की समस्या के समाधान के लिए भी संबंधित बीडीओ एवं अंचल अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
आईसीडीएस योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने डीपीओ आईसीडीएस एवं लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को चापाकल एवं शौचालय से संबंधित लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। महादलित बस्तियों में प्रस्तावित 11 सामुदायिक भवनों के निर्माण हेतु सभी अंचल अधिकारियों को अविलंब भूमि चिन्हित कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही सावित्रीबाई फुले छात्रावास निर्माण के लिए अंचल अधिकारी, हाजीपुर को जिला मुख्यालय के समीप शीघ्र भूमि उपलब्ध कराने को कहा गया।
जिला योजना कार्यालय की समीक्षा में जिला योजना पदाधिकारी को स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन से समन्वय स्थापित कर सभी लंबित योजनाओं को पूर्ण करने एवं उनकी नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। कब्रिस्तान घेराबंदी एवं मंदिर चारदीवारी योजना के लंबित कार्यों को भी शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया।
पशुपालन विभाग की समीक्षा में पशु चारा वितरण की नियमित निगरानी एवं समीक्षा हेतु सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया। कबीर अंत्येष्टि योजना की समीक्षा में राघोपुर एवं महुआ प्रखंडों में कम प्रविष्टि पाए जाने पर शीघ्र सुधार के निर्देश दिए गए। कन्या विवाह योजना की समीक्षा में पातेपुर प्रखंड में सर्वाधिक लंबित मामलों को अविलंब निपटाने को कहा गया।
आपूर्ति विभाग की समीक्षा में सभी संदिग्ध राशन कार्डों की समयबद्ध जांच पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। लोक शिकायत निवारण की समीक्षा में जनता दरबार से प्राप्त मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने तथा आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष बल दिया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी को जिले के दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान कर स्वयं क्षेत्र भ्रमण करते हुए प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। प्रखंडों में साफ-सफाई के कार्यों को लेकर जहां जीविका द्वारा कार्य किया जाना है , वहां संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी को जीविका के साथ तत्काल एमओयू करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी लंबित कार्यों को मार्च 2026 से पूर्व अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार की समीक्षात्मक बैठकें निरंतर आयोजित की जाती रहेंगी।
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, कार्यकारी एजेंसियों के कार्यपालक अभियंता, नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी उपस्थित रहे।

