
RKTV NEWS/हाजीपुर ( वैशाली)26 अक्टूबर।लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के कल होने वाले संध्याकालीन अर्ध्य के पूर्व जिलाधिकारी वर्षा सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ललित मोहन शर्मा ने आज अपर समाहर्ता आपदा, आपदा प्रबंधन विभाग के अन्य पदाधिकारियों, सिविल सर्जन, जिला अग्निशमन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, नगर निकाय के कार्यपालक पदाधिकारी एवं कर्मियों के साथ विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया तथा वहां की गई आवश्यक तैयारी एवं सुरक्षा संबंधी दिए गए निर्देशों के अनुपालन का जायजा भी लिया।
उन्होंने सभी घाटों पर व्रतियों की सुविधा एवं भीड़ प्रबंधन के दृष्टिकोण से की गई आवश्यक तैयारी जैसे घाट निर्माण, बैरिकेडिंग, लाइटिंग, वॉच टावर का निर्माण, साफ सफाई, पदाधिकारी एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति, नियंत्रण कक्ष की स्थापना तथा महिला व्रतियों हेतु चेंजिंग रूम इत्यादि के संबंध में आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को उपरोक्त सभी तैयारी के संबंध में जांच एवं आवश्यक अनुपालन अनिवार्य रूपेण कर लेने को कहा।
जिला स्तर से कुल 10 मोटर बोट पर एसडीआरएफ टीम की प्रतिनियुक्ति किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए की गई है। इसके साथ ही गोताखोर, नाव नाविक एवं आपदा मित्रों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।
छठ महापर्व पर आवश्यक तैयारी एवं प्रभावी भीड़ प्रबंधन के मद्देनजर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी द्वारा दिया गए निदेशालोक में अनुमण्डल पदाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के द्वारा अनुमंडल स्तर पर भी स्थानीय घाटों एवं भीड़ की स्थिति के आकलन के आधार पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बलों की तैनाती की गई है |
जिला पदाधिकारी ने जिला वासियों से अपील की कि अर्ध्य या स्नान के दौरान किसी भी स्थिति में गहरे पानी में न जाए। नदी और तालाब में की गई बैरिकेडिंग के अंदर ही रहकर छठ पर्व एवं पूजा करें। सुरक्षा व्यवस्था श्रद्धालु श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए ही की गई है इसलिए इसका अनुपालन करना हम सभी की जिम्मेदारी है। जिला पदाधिकारी के द्वारा घाटों पर स्थित नियंत्रण कक्ष में मेडिकल कैंप, आवश्यक दवा भंडारण एवं एंबुलेंस की व्यवस्था रखने का भी निर्देश दिया ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत उपचार उपलब्ध कराया जा सके। यह भी बताया गया कि विधि व्यवस्था संधारण हेतु 47 स्थानों पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारी की तैनाती की गई है। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरा, ड्रोन सर्विलांस एवं कंट्रोल रूम से भी मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है।
नागरिकों की सहायता हेतु जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06224 260 220 दिनांक 27.10.2025 को 12:00 बजे अपराह्न से 8:00 बजे रात्रि तक तथा 28 10 25 को 2:00 बजे पूर्वाह्न से आगे की समाप्ति तक अर्थात 10:00 बजे पूर्वाह्न तक के लिए कार्यरत रहेगा।
जिलाधिकारी द्वारा आम नागरिकों से की गई अपील
क्या करें
अर्ध्य के समय बेरीकेटिंग के भीतर ही रहें।
छोटे बच्चों व बुजुर्गों को घाट पर लाते समय विशेष सावधानी बरते तथा उनके पॉकेट में उनका नाम एवं उनके परिजनों के मोबाइल नंबर अवश्य रखें।
जिला प्रशासन व पुलिस द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करें।
घाट पर स्वच्छता बनाए रखें तथा पूजा सामग्री पानी में न विसर्जित करें।
जरूरत पड़ने पर नजदीकी प्रशासनिक पदाधिकारी कर्मी से संपर्क करें ।
संपूर्ण व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें ।
क्या ना करें
गहरे पानी में स्नान या अर्ध्य देने न उतरे।
बैरिकेडिंग के बाहर न जाएं ।
तेज आवाज में लाउडस्पीकर ना बजाएं।
पटाखे डीजे का प्रयोग ना करें ।
किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर विश्वास ना करें ।
यातायात नियमों का पालन करें
अवैध पार्किंग ना करें अथवा रास्ते पर वाहन पार्क न करें।

जिला पदाधिकारी वैशाली के नेतृत्व में जिला प्रशासन की तैयारी तथा जनता की सजगता व सहयोग न केवल छठ पर्व को स्वच्छंद और सुरक्षित बनाएगी बल्कि इस लोक आस्था व नागरिक जिम्मेदारी का आदर्श पर्व भी बनाएगी। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के साथ अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन , विशेष कार्य पदाधिकारी , सिविल सर्जन , जिला अग्निशमन पदाधिकारी , सभी संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी , प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद , एसडीआरएफ टीम प्रभारी आदि मौजूद रहे।
