
RKTV NEWS/हाजीपुर ( वैशाली)25 अक्टूबर।बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारी अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। वैशाली जिले में चुनाव संपन्न कराने हेतु लगाये गये कर्मियों के द्वितीय चरण के प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी वर्षा सिंह प्रशिक्षण स्थल पर मास्टर ट्रेनर की भूमिका में नजर आई। उल्लेखनीय है कि वैशाली जिला अंतर्गत विधानसभा वार सभी विधानसभा क्षेत्र के लिए कुल आठ प्रशिक्षण केदो पर कर्मियों को विशेष तौर पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि निर्वाचन की प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटि रहित संपन्न किया जा सके।
इसी क्रम में प्रशिक्षण को प्रभावशाली और बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी स्वयं रामबालक राय कॉलेज प्रशिक्षण स्थल पहुंची थी। विभिन्न कमरों में कर्मियों का प्रशिक्षण प्रतिनियुक्त मास्टर ट्रेनर के द्वारा दिया जा रहा था फिर भी जिलाधिकारी ने स्वयं ब्लैक बोर्ड पर लिखकर कर्मियों को प्रशिक्षण देना प्रारंभ किया। उन्होंने कर्मियों को मॉडल डायग्राम के अनुसार बूथ ले आउट की संरचना को समझाया । उन्होंने कर्मियों को प्रपत्र 17 सी को विस्तार से एवं बिंदुवार चर्चा की एवं इसके महत्व को भी बताया । उन्होंने निर्वाचन में संलग्न पीठासीन अधिकारी , प्रथम मतदान पदाधिकारी , द्वितीय मतदान पदाधिकारी एवं तृतीय मतदान पदाधिकारी के कार्यों कर्तव्यों पर चर्चा की तथा कर्मियों से उनके कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की । उन्होंने कर्मियों को ईवीएम एवं वीवीपीएटी मशीन के संयोजन को व्यावहारिक रूप से करवाया एवं कर्मियों के प्रदर्शन से संतुष्ट दिखी। इस दौरान मतदान संबंधी कई प्रश्न पूछते हुए प्रशिक्षण की गुणवत्ता को भी परखा।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए निर्वाचन कार्य को “लोकतंत्र की रीढ़” बताते हुए सभी कर्मियों को पूर्ण निष्ठा, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने कहा कि चुनाव कार्य देश की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक प्रक्रिया है, जिसमें प्रत्येक कर्मी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान कर्मियों को गुणवत्तापूर्ण और व्यावहारिक जानकारी देने पर विशेष बल दिया, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की त्रुटि या असमंजस की स्थिति उत्पन्न न हो।
उल्लेखनीय है कि प्रशिक्षण का विस्तृत कार्यक्रम निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 24, 25 अक्टूबर से 29 व 30 अक्टूबर तक चलने वाले इस द्वितीय प्रशिक्षण में पीठासीन पदाधिकारी, प्रथम मतदान अधिकारी, द्वितीय मतदान अधिकारी और तृतीय मतदान अधिकारी को प्रशिक्षित किया जाना है। इसके लिए राय वीरेन्द्र महाविद्यालय,कुतुबपुर कोठी हाजीपुर, रामबालक राय कॉलेज, हाजीपुर, मुल्कजादा सिंह इन्टर स्कूल दिग्घी हाजीपुर, मध्य विद्यालय, अस्तीपुर हाजीपुर, उत्क्रमित मध्य विद्यालय, चन्द्रालय हाजीपुर, राजकीय मध्य विद्यालय दिग्धीकला हाजीपुर, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कुतुबपुर कोठी एकारा, मध्य विद्यालय, कुतुबपुर एकारा में प्रशिक्षण दो चरणों में आयोजित है ।
जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण प्रभारी को निर्देश दिया कि प्रत्येक कर्मी को ईवीएम एवं वीवीपैट का हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण अवश्य दिया जाए। उन्होंने कहा कि मतदान दिवस पर किसी भी तकनीकी कठिनाई से बचने के लिए कर्मियों का ईवीएम संचालन में दक्ष होना आवश्यक है। उन्होंने कहा, “प्रत्येक कर्मी को ईवीएम के तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं की संपूर्ण जानकारी होनी चाहिए ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु और त्रुटिहीन संपन्न हो।”
जिलाधिकारी ने कहा कि यह द्वितीय प्रशिक्षण मतदान दिवस की तैयारी का सबसे अहम चरण है। उन्होंने कर्मियों से अपील की कि वे इसे गंभीरता से लें और किसी भी बिंदु को हल्के में न लें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि कर्मियों में आत्मविश्वास और तकनीकी दक्षता विकसित करना भी है। इससे चुनाव दिवस पर कोई भी परिस्थिति उत्पन्न होने पर कर्मी सहजता से उसका समाधान कर सकें।
