बूथ पऱ यूथ की ताकत दिखाने का किया आह्वान।
आरा/भोजपुर ( डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा) 21 अक्टूबर।भाकपा (माले) महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य आज आरा पहुंच कर भाकपा (माले) की विधानसभा चुनाव तैयारियों का जायजा लिया और जरूरी निर्देश दिए.
भाकपा(माले) महासचिव आज सुबह पटना से सड़क मार्ग से चलकर दोपहर में आरा पहुंचे. भाकपा(माले) राज्य सचिव कुणाल भी उनके साथ थे. उन्होंने पार्टी के जिला कार्यालय मे आयोजित बैठक में शामिल होकर जिले में भाकपा(माले) की चुनावी तैयारियों का जायजा लिया और पार्टी नेताओं को संबोधित करते हुए जिले की सभी सीटों पऱ इंडिया गठबंधन के पक्ष में निर्णायक जनादेश हासिल करने का आह्वान किया.
बैठक के दौरान आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि भाकपा (माले) इंडिया गठबंधन के तमाम दलों की सहमति के साथ राज्य के बीस (20) विधानसभा क्षेत्रो में चुनाव लड़ रही है. पिपरा (सुपौल) और राजगीर (नालंदा) इनमे से दो नई सीटें हैं.
उन्होंने कहा कि गोपालगंज जिले के भोरे में पार्टी प्रत्याशी जितेंद्र पासवान को नामांकन के दौरान ही एक फर्जी मुकदमे में गिरफ्तार करने और उसके बाद एक अन्य फर्जी मुकदमे में सजा दिलाकर भाकपा (माले) को चुनाव प्रक्रिया से ही बाहर कर देने की साजिश को नाकाम करते हुए जेएनएसयू के पूर्व अध्यक्ष धनंजय पासवान प्रत्याशी बने हैं.
उन्होंने कहा कि 20 वर्षों से राज्य की सत्ता पऱ काबिज भाजपा-जदयू की डबल इंजन सरकार को बदल डालना ही इस बार के बिहार विधानसभा चुनाव का सबसे बड़ा मुद्दा बन गया है.
उन्होंने कहा कि रोजगार की मांग पऱ पुलिस की लाठियां खानेवाला नौजवान, भूमि अधिग्रहण की मार झेल रहा किसान, माइक्रो फाइनेंस कम्पनियों के कर्ज तले कराह रही महिलायें और वास-आवास की जमीन के सवाल पऱ सरकार की वादाखिलाफी का शिकार भूमिहीन-गरीब इसबार बूथ पऱ अपनी ताकत दिखाएंगे, तरारी, अगिआंव और आरा में भाकपा (माले) को भारी मतों से जिताएंगे और पुरे राज्य स्तर पऱ इंडिया गठबंधन को निर्णायक बहुमत दिलाएंगे.
उन्होंने कहा कि भाजपा-जदयू की नीतीश सरकार का विकास का नारा भ्रष्टाचार, गरीबी, पलायन और कर्ज का तथा सुशासन बढ़ते अपराध, महिलाओं पऱ हिंसा और बढ़ते उन्माद व नफरत का पर्याय बन गया है.
उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन कि सरकार बनेगी तो सामाजिक सुरक्षा पेंशन की शुरुआत ही 1500 रूपये प्रतिमाह से होगी, हर किसी को 200 यूनिट मुफ्त बिजली मिलेगी और चुनाव से पहले महिलाओं को 10 हजार रूपये देने की झूठी घोषणा नहीं होगी, हर महिला को प्रति माह 2500 रूपये देने की गारंटी होगी.
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार अब बिहार का नेतृत्व करने का हक व योग्यता खो चुके हैं. उन्होंने अमित शाह के अपनी हालिया बिहार दौरा के दौरान दिए गए वक्तव्य के हवाले से कहा कि भाजपा नीतीश कुमार को सामने रख पर्दे के पीछे से अपना बुलडोजर राज स्थापित करने में लगी हुई है. देश के संविधान, लोकतंत्र, आजादी और आरक्षण को बचाने के लिए भाजपा के इस मंसूबे को चकनाचूर करना होगा.
उन्होंने कहा कि बिहार में ‘बदलो सरकार, बदलो बिहार’ की लहर है. राज्य में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी.
संवाददाता सम्मेलन और बैठक में महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य, राज्य सचिव कुणाल, पोलित ब्यूरो के वरिष्ठ सदस्य स्वदेश भट्टाचार्य, सांसद सुदामा प्रसाद के साथ कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. इस मौके पऱ अगिआंव और आरा के भाकपा (माले) प्रत्याशी शिवप्रकाश रंजन और क्यामुद्दीन अंसारी भी मौजूद रहे।

