खेलो झारखंड अंतर्गत तीन दिवसीय राज्यस्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता 2025-26 का रंगारंग कार्यक्रम का हुआ भव्य आगाज़।
RKTV NEWS/रामगढ़(झारखंड )19 सितंबर।जिले में खेलो झारखंड अंतर्गत तीन दिवसीय राज्यस्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता 2025-26 का जिला मैदान सिदो कान्हू में शुक्रवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आगाज़ किया गया। गगन चुंबी आतिशबाजी व रंगबिरंगे गैस गुब्बारे आसमान में छटा बिखेर रही थी। वहीं राज्य भरके 24 जिलों के अंडर 19 बालक और बालिका की टीम ने ओथ लेकर अनुशासन के तहत खेलने की शपथ ली। राज्य भर से आए खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए समारोह के मुख्य अतिथि रामगढ़ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने कहा कि झारखंड की माटी में खेल व संगीत रचा बसा है इसीलिए खिलाड़ियों को कोशिश यह करना चाहिए कि राज्य का नाम राष्ट्रीय फलक पर रौशन हो सके।
पुलिस अधीक्षक ने खिलाड़ियों से अपील किया कि आने वाला समय युवाओं के कंधे पर होगा खेल से दूरी नहीं बनाकर उसे अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएं। विधायक ममता देवी ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि राज्य सरकार दिन-रात युवाओं के लिए चिंतन व मंथन कर रहा है खेल के माध्यम से रोजगार के अवसर खुलेंगे इसका प्रयास लगातार किया जा रहा है विधायक ने कहा कि खेल को अनुशासन के साथ खेलते हुए स्किल डेवलप कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएं। इससे पूर्व समारोह के अतिथि रामगढ़ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ,रामगढ़ विधायक ममता देवी, बड़कागांव विधायक रौशन लाल चौधरी मांडू विधायक निर्मल महतो, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल,सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल, जिला परिषद अध्यक्ष सुधा देवी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदू प्रभा खलखो, जिला आपूर्ति पदाधिकारी रंजीता टोप्पो, जिला भूमि सुधार उप समाहर्ता दीप्ति कुजूर, कार्यपालक दंडाधिकारी रीना प्रियंका कुजूर, जिला योजना पदाधिकारी संतोष भगत का स्वागत झारखंडी नृत्य ढोल नगाड़े के साथ मंचासिन किया। यहां अतिथियों का स्वागत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद रामगढ़ की ओर से जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम जिला शिक्षा अधीक्षक संजीत कुमार ,अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नलिनी रंजन एपीओ कुमार राज, इप्शिता तिर्की ने झारखंडी गमछा ओढ़ा व पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। स्वागत भाषण देते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम ने राज्य भर से आए तमाम खिलाड़ियों व मंचासीन अतिथियों का जिले में स्वागत करते हुए कहा कि यह रामगढ़ जिले के लिए गर्व का पल है पहली बार राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन मिला है इसे सफल करना सभी की जवाब देही होती है। खेलो झारखण्ड के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन सोरेंग ने कहा कि सरकार की सीधी सोच है कि खिलाड़ियों को सिर्फ खेल का मंच ही नहीं बल्कि रोजगार का अवसर भी प्रदान करना भी है इसकी शुरुवात अग्निवीर, आर्मी जैसे कई भर्तियों में भी खेलो झारखण्ड के राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जा रही है। अतिथियों ने दीप जलाकर व गैस गुब्बारे उड़ाकर राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। साथ ही उद्घाटन मैच खेल रहे साहेबगंज और खूंटी जिला के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। रेफरियों ने भीसिल बजाकर खेल प्रारंभ करने का औपचारिकताए पूरी की। दोनों टीम के खिलाड़ियों ने जबरजस्त खेल का प्रदर्शन करते हुए एक दूसरे पर आक्रमण करते हुए उद्घाटन मैच साहेबगंज ने 3-0 से जीत कर विजय अभियान की शुरुवात की। अन्य अतिथियों ने भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए बेहतर खेल प्रदर्शन करने पर बल दिया। मंच संचालन शिक्षक मिथलेश कुमार रविदास और ममता कुमारी सिंह ने किया।
समारोह में इनकी रही उपस्थिति , ओलंपिक संघ के सचिव सी डी सिंह, जिला फुटबॉल संघ के महासचिव मोहम्मद मुस्तफा आजाद, बीस सूत्री अध्यक्ष सुधीर मंगलेश, जिले भर के शारीरिक शिक्षा शिक्षक सहित राज्य भर से आए बालक/ बालिका के कोच मैनेजर सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद थे।

