प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऑनलाइन किया शुभारंभ।

लखीसराय में 40 हजार जीविका दीदियाँ लाईव कार्यक्रम से हुई मुखातिब ।
RKTV NEWS/लखीसराय (बिहार)02 सितंबर।विकसित भारत के सबसे बड़े अध्याय में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रही बिहार की जीविका दीदियों के जीविका निधि का ऑनलाइन शुभारंभ मंगलवार को हुआ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली से ऑनलाइन रिमोट दबाकर शुभारंभ किया l इस अवसर पर पटना से नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री , बिहार सरकार ,सम्राट चौधरी , उप मुख्यमंत्री, बिहार सरकार और विजय सिन्हा , उपमुख्यमंत्री , बिहार सरकार भी ऑनलाइन जुड़े रहे और जीविका दीदियों को संबोधित किया।सम्राट चौधरी , उपमुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जीविका निधि से लाखों जीविका दीदियों को स्वरोजगार एवं स्वावलंबन में मदद मिलेगी l मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि जीविका निधि से आत्मनिर्भरता एवं नारी स्वावलंबन को नई उड़ान मिलेगी l अब गाँव से लेकर शहर तक जीविका के द्वारा स्वयं सहायता समूहों का गठन करते हुए उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक स्वावलंबन में सहयोग प्रदान किया जा रहा है l
नरेन्द्र मोदी ने बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ समिति लिमिटेड के शुभारंभ के बाद जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं की शक्ति बिहार को बदल रही है l जीविका निधि के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि जीविका निधि की व्यवस्था पूरी तरह डिजिटल है और सारा कार्य मोबाइल से ही हो जायेगा l इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने छठ और नवरात्रि की भी चर्चा करते हुए जीविका दीदियों को नारी शक्ति से अवगत कराया l उन्होंने दर्शकों से हर घर स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए देशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की l
लखीसराय में भी ऑनलाइन शुभारंभ कार्यक्रम सभी सात प्रखंड मुख्यालय. सभी 17 संकुल स्तरीय संघ और उससे जुड़े 85 स्थल तथा जिला मुख्यालय में नगर भवन में जीविका द्वारा प्रखंड एवं जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित किया गया l लगभग 40 हजार जीविका दीदियों लाईव कार्यक्रम से जुडी l नगर भवन में आयोजित कार्यक्रम में 1 हजार से अधिक जीविका दीदियों ने शिरकत की और शुभारंभ कार्यक्रम को देखा l इस अवसर पर मिथिलेश मिश्रा, जिला पदाधिकारी सुमित कुमार , उपविकास आयुक्त , सुधांशु शेखर, नीरज कुमार , निदेशक, जिला ग्रामीण विकास अभिक्रमण, अंशु कुमारी , जिला परिषद् उपाध्यक्ष , रामानंद मंडल ,उपाध्यक्ष, जिला स्तरीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति एवं दीपक कुमार समेत कई गणमान्य अतिथि एवं जीविका दीदियों की गरिमामई उपस्थिति रही l इस अवसर पर जिला पदाधिकारी महोदय ने लखीसराय जिला में जीविका निधि संचालित करने वाली सामुदायिक संगठन लक्ष्य जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की अध्यक्ष श्रीमती पिंकी देवी एवं अधिकार जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की संजू देवी को पुष्प गुच्छ देकर हौसलाअफजाई किया l शुभारंभ कार्यक्रम में पंकज भारती और उनकी टीम ने महिला स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण से संबंधित गीतों की प्रस्तुति दी l जीविका दीदियों ने भी लोक गीतों की प्रस्तुति की l
जिला पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि जीविका निधि से जीविका से जुडी महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलेगी l अब जीविका दीदियों का अपना बैंक होगा और आप सभी अपने बैंक से आसानी से ऋण लेकर स्वरोजगार और जीविकोपार्जन के नए संसाधन से आर्थिक उन्नति करेंगी l
कार्यक्रम के अंत में आगत अतिथियों को जीविका दीदियों ने पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया l मंच संचालन श्री रंजन कुमार ,प्रबंधक , स्वास्थ्य एवं पोषण, जीविका ने किया l अंत में अगत अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन अनीता कुमारी , जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका ने किया और बताया कि लखीसराय में बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ समिति लिमिटेड का संचालन लक्ष्य जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड द्वारा लखीसराय सदर में एवं अधिकार जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड द्वारा हलसी में किया जायेगा l जीविका निधि के संचालन से 1 लाख से अधिक जीविका दीदियाँ लाभान्वित होंगी l बढ़ते क्रम में लखीसराय जिला में जीविका द्वारा गठित सभी 17 संकुल स्तरीय संघ की सदस्य जीविका निधि से जुड़ेंगी और लाभान्वित होंगी l

