मुख्य विकास अधिकारी नीरज कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हर घर तिरंगा अभियान की बैठक में दिए गए निर्देश।
हर विभाग को सौंपी गई ज़िम्मेदारी, तीन चरणों में होगा कार्यक्रमों का आयोजन।
बागपत में तिरंगे से सजेगा हर आंगन, हर दिल में जगेगा राष्ट्रप्रेम।
सेल्फी विद तिरंगा डिजिटल अभियान का हुआ शुभारंभ, सोशल मीडिया पर फीचर होगी सेल्फी।
RKTV NEWS/बागपत(उत्तर प्रदेश)07 अगस्त।इस स्वतंत्रता दिवस पर बागपत एक नई ऊर्जा, नई उमंग और अपार देशभक्ति की भावना के साथ सजने को तैयार है। “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत जनपद का प्रत्येक घर, कार्यालय, स्कूल और सार्वजनिक स्थान तिरंगे की शान से रोशन होगा। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी नीरज कुमार श्रीवास्तव ने इस संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें उन्होंने जनपद के सभी विभागों को निर्देशित किया कि इस अभियान को न केवल एक कार्यक्रम के रूप में, बल्कि जनभावनाओं से जुड़ा हुआ एक राष्ट्र आंदोलन के रूप में देखा जाए और सभी की सक्रिय सहभागिता से इसे ऐतिहासिक बनाया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी नीरज कुमार श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि “हर घर तिरंगा” अभियान सिर्फ झंडा फहराने की परंपरा नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक के दिल में देश के प्रति सम्मान, गर्व और कृतज्ञता की भावना जगाने का माध्यम है। यह वह अवसर है जब हम राष्ट्रध्वज के साथ अपने जुड़ाव को केवल गहराई से महसूस करते हैं।
इस अभियान के माध्यम से बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं – हर वर्ग के नागरिकों में यह भावना जागृत की जा रही है कि तिरंगा हमारी आज़ादी की पहचान, हमारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की कुर्बानियों की कहानी और हमारे लोकतंत्र की गरिमा का प्रतीक है। इस वर्ष का “हर घर तिरंगा” अभियान तीन चरणों में संचालित होगा, जिससे हर आयु वर्ग और हर समुदाय को जोड़कर इसे एक जनआंदोलन के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
अभियान का पहला चरण 8 अगस्त तक पूरी तरह से रचनात्मक, शैक्षिक और प्रेरणादायी गतिविधियों पर केंद्रित रहेगा। इस चरण में स्कूलों की दीवारों और बोर्डों को तिरंगा प्रेरित चित्रकला से सजाया जाएगा, जिससे बच्चों में तिरंगे के प्रति गर्व की अनुभूति विकसित हो। संस्कृति मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी प्रदर्शनियों को जनपद के प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि आम नागरिक देश के गौरवशाली इतिहास से सीधे जुड़ सकें। स्कूलों और कॉलेजों में तिरंगा रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनमें छात्र-छात्राएं अपनी रचनात्मकता से तिरंगे को जीवंत रूप देंगे। इसके अतिरिक्त, तिरंगा राखी निर्माण पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिनके माध्यम से बहनें अपने देश के सिपाहियों के लिए राखियां बनाकर उन्हें भेजेंगी। डाक विभाग के समन्वय से पुलिसकर्मियों और सैनिकों को आभार पत्र एवं राखियां भेजने का आयोजन भी किया जाएगा – यह एक भावनात्मक जुड़ाव होगा, जो हमारे रक्षकों को यह संदेश देगा कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है। सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगे के रंगों से सजावट की जाएगी ताकि हर गली, हर चौराहा, हर बाजार देशभक्ति के रंग में डूबा नजर आए।
अभियान के दूसरे चरण में 09 से 12 अगस्त तक जनसंपर्क और सामूहिक गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रभक्ति की भावना को जीवंत बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया जाएगा। इस चरण के अंतर्गत जिला स्तरीय “तिरंगा महोत्सव” का आयोजन होगा, जिसमें वृहद तिरंगा मेले और म्यूजिकल कंसर्ट जैसे कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है। यह आयोजन जनमानस में देशभक्ति का संदेश फैलाने वाले मंच बनेंगे। जिलेभर में प्रमुख स्थानों पर तिरंगा प्रदर्शनी और हर घर तिरंगा सेल्फी बूथ स्थापित किए जाएंगे, जहां लोग तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर www.harghartiranga.com पर अपलोड कर सकेंगे। यह डिजिटल अभियान लोगों को ऑनलाइन माध्यम से भी जोड़ने का एक अभिनव प्रयास होगा। इस चरण में युवाओं की भागीदारी सबसे अधिक देखने को मिलेगी, क्योंकि पुलिस विभाग, एनसीसी, एनएसएस, मंगल दल, यूथ क्लब और भारत स्काउट एंड गाइड के सहयोग से बाइक और साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा। यह रैली एक संदेश देते हुए गुजरेगी कि यह देश हम सभी का है, और इसे संभालना, सजाना और सहेजना हमारी जिम्मेदारी है। विकास खंडों, पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी विशाल तिरंगा रैलियों और यात्राओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हर गांव, हर मोहल्ला, हर गली तिरंगे के गौरव से झूम उठेगा। स्थानीय बाजारों में भी सौंदर्यपरक तिरंगा प्रकाश और सजावट कर देशभक्ति का वातावरण रचने की तैयारी है।
अभियान के अंतिम चरण में 13 से 15 अगस्त तक पूरे जनपद में उत्सव का माहौल होगा। सभी शासकीय भवनों, शैक्षिक संस्थानों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर ध्वजारोहण समारोह आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक स्थान पर तिरंगा प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी ताकि रात्रि में भी देशभक्ति की भावना चिरंजीवी बनी रहे। सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर वेबसाइट पर अपलोड करें, जिससे उनका जुड़ाव राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई दे सके। मुख्य विकास अधिकारी नीरज कुमार श्रीवास्तव ने यह भी निर्देश दिए कि स्वयं सहायता समूहों, खादी भंडारों और अन्य स्रोतों के माध्यम से जनपद में तिरंगे की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी नागरिक इस अभियान से वंचित न रहे। इसके साथ-साथ देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भव्य तिरंगा संगीत कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें जिले के विशिष्ट व्यक्ति, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी भाग लेंगे।
सेल्फी विद तिरंगा डिजिटल अभियान हुआ शुरू
हर घर तिरंगा अभियान के तहत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने सेल्फी विद तिरंगा डिजिटल अभियान का शुभारंभ किया है जिसके तहत जनपद बागपत के सभी निवासियों से तिरंगे के साथ आकर्षक सेल्फी आमंत्रित की गई है। जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी ने बताया कि उत्कृष्ट फोटो को सूचना विभाग के सोशल मीडिया पर प्रकाशित किया जाएगा एवं चुनिंदा विजेताओं को विभाग द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। अभियान में सेल्फी भेजने की अंतिम तिथि 15 अगस्त निर्धारित की गई है। व्हाट्सएप नंबर 9557178303 अथवा कार्यालय की ईमेल आईडी diobaghpat273@gmail.com पर नागरिक अपनी सेल्फी भेज सकते है।
झंडा फहराने के नियम – जानिए, समझिए और अपनाइए
1. झंडा संहिता के अनुसार, प्रत्येक नागरिक को अपने घर, स्कूल या कार्यालय में झंडा आदरपूर्वक और सही नियमों के साथ फहराना चाहिए।
2. झंडा फहराते समय केसरिया रंग की पट्टी हमेशा ऊपर होनी चाहिए।
3. यदि झंडा किसी सरकारी अवसर पर फहराया जा रहा है, तो उसे सूर्योदय के बाद फहराया और सूर्यास्त से पहले सम्मान सहित उतारना चाहिए।
3. 11 से 17 अगस्त तक निजी आवासों व प्रतिष्ठानों पर लगाए गए झंडों को आदरपूर्वक उतारकर सुरक्षित रखना अनिवार्य है।
4. झंडे को कभी फेंका नहीं जाना चाहिए; उसे सम्मान से फोल्ड कर रखा जाए।
5. विशेष परिस्थितियों में रात्रि में भी झंडा फहराया जा सकता है।
6. फटा, अधमरा या झुका हुआ झंडा लगाना कठोरता से निषेध है।

