पात्र व्यक्तियों को मिले योजना का पूर्ण लाभ, अनावश्यक विलंब पर होगी जवाबदेही तय।
हर पात्र युवा को मिलेगा ऋण और मार्गदर्शन, एकीकृत चेकलिस्ट से आसान होगी आवेदन की प्रक्रिया।
योजना के सफल लाभार्थियों की कहानी बनेगी जागरूकता का आधार, प्रमुख स्थानों पर लगेंगे विशेष कैंप।
RKTV NEWS/बागपत(उत्तर प्रदेश)06 अगस्त।जिलाधिकारी अस्मिता लाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की समीक्षा की गई जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए गए। इस योजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना एवं स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों का सृजन करना है।
बैठक में जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने कहा कि राज्य व केंद्र सरकार द्वारा संचालित स्वरोजगार व ऋण योजनाओं के व्यापक प्रचार प्रसार हेतु नगर पालिका, विकास भवन, एवं जनसंपर्क वाले अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि योजनाओं की जानकारी जरूरतमंद व्यक्तियों तक आसानी से पहुंचे। इन शिविरों में न केवल आवेदन स्वीकार किए जाएं, बल्कि दस्तावेज सत्यापन, पात्रता जांच और ऑन-द-स्पॉट मार्गदर्शन भी उपलब्ध हो।
बैठक में जिलाधिकारी ने जिले की बड़ी बैंक शाखाओं को 50-50 आवेदनों का न्यूनतम लक्ष्य निर्धारित कर तत्काल प्रभाव से कार्यवाही आरंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऋण वितरण में देरी, आवेदन निरस्त करने की प्रवृत्ति तथा बिना स्पष्ट कारण के फाइल लंबित रखने जैसी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी।
आवेदन प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं नागरिकों के अनुकूल बनाने हेतु, जिलाधिकारी ने योजना में आवेदन हेतु आवश्यक दस्तावेजों की एकीकृत चेकलिस्ट तैयार करने के निर्देश दिए। यह चेकलिस्ट कैंपों में वितरित की जाएगी एवं जिला वेबसाइट व सूचना पटल पर उपलब्ध कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में वार्ड स्तर व ग्राम पंचायत स्तर पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। योजना से जुड़े सफल लाभार्थियों के प्रेरणादायक उदाहरणों को प्रचार सामग्री में सम्मिलित किया जाए, जिससे अन्य युवाओं को प्रोत्साहन मिले।
जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों, बैंक प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि किसी भी पात्र आवेदक को योजना के लाभ से वंचित न किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नीरज कुमार श्रीवास्तव ,अपर जिलाधिकारी पंकज वर्मा ,जीएमडीआईसी अर्चना तिवारी सहित आदि उपस्थित रहे।

