
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)06 अगस्त।महंथ महादेवानंद महिला महाविद्यालय ,आरा में चयन आयोग द्वारा नवनियुक्त प्राचार्य प्रो. नरेंद्र प्रताप पालित का सम्मान सह सावन महोत्सव का आयोजन महिला कालेज शिक्षक संघ द्वारा किया गया । कार्यक्रम का शुभारंभ कालेज के संस्थापक महंथ महादेवानंद गिरी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुआ। प्राचार्य प्रो पालित ,प्रो लतिका वर्मा ,प्रो फरीदा बानो, प्रो राजीव , डॉ सदिया, डॉ खुशबू ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।महाविद्यालय के मनोविज्ञान की विभागाध्यक्ष व शिक्षक संघ की सचिव डॉ . सादिया हबीब ने मंच संचालन किया। सेमेस्टर-5 हिंदी विभाग की छात्राओं जूही, जागृति,अंजलि , निधि, प्राची प्रिया ने महाविद्यालय गीत व स्वागत गीत प्रस्तुत किया। तत्पश्चात महाविद्यालय के प्राचार्य व अतिथियों का स्वागत स्मृति चिन्ह , पौधा व शॉल भेंट कर किया गया।
शिक्षक संघ की अध्यक्ष डॉ. खुशबू कुमारी ने मंचासीन सभी विद्वजनों का परिचय देते हुए सभी का स्वागत किया । महाविद्यालय के इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो राजीव कुमार ने प्राचार्य का स्वागत करते हुए उनकी शानदार कार्यशैली ,कुशल व्यवहार,कर्तव्यनिष्ठ,शांत व प्रसन्नचित रहते हुए महाराजा कालेज के विभिन्न पदों कार्य करने का अनुभव है तो वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय आरा के प्रशासनिक,परीक्षा,विधि,सीसीडीसी
जैसे महत्वपूर्ण विभागों का संचालन सफलतापूर्वक किया है।प्रो पालित बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी ,प्रतिभा संपन्न,सबके सहयोगी के रूप में जाने जाते हैं और इनके किए गए श्रेष्ठ कार्यों की प्रशंसा की।उन्होंने प्राचार्य को आगामी कार्यकाल ऐतिहासिक रहे इसके लिए शुभकामनाएँ दी ।
वीर कुँवर सिंह विश्वविद्यालय के जंतुविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. फरीदा बानो ने प्राचार्य का स्वागत करते हुए उनके अच्छे व्यवहार व कार्यशैली की प्रशंसा की । उन्होंने सभी शिक्षक , शिक्षिकाओं , शिक्षकेत्तर कर्मचारी व छात्राओं से प्राचार्य का साथ देने का आह्वान किया जिससे आगामी भविष्य में महाविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सके।
विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो डॉ. लतिका वर्मा ने भी महाविद्यालय के सभी शिक्षकों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए सभी शिक्षकों ,शिक्षकेत्तर कर्मचारी व शिक्षक संघ से प्राचार्य का साथ देने का आह्वान किया ।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो डॉ. नरेंद्र प्रताप पालित ने महाविद्यालय के सभी शिक्षकों की कार्यक्षमता की प्रशंसा करते हुए सभी से आगामी कार्यों में प्रसन्नता के साथ सहयोग की उम्मीद की।भविष्य के कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए उन्होंने बताया की महाविद्यालय को विकसित करने के लिए नए विभाग एमसीए, बीबीए , बी लिस्,बी काम आदि विषयों को बढ़ाने की इच्छा प्रकट की।महाविद्यालय के शिक्षकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए उन्होंने सभी के साथ मिलकर भविष्य की नयी योजनाओं पर कार्य करने का आश्वासन दिया। प्रो पालित ने कहा कि कॉलेज में जब घंटी बजती है तो सभी शिक्षकों को क्लास में पढ़ाने व छात्राओं को क्लास में उपस्थित रहने की आदत बन जाती है और समयानुसार पठन पाठन की क्षमता बढ़ती है , उपस्थिति सुनिश्चित होगी,सभी अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने लगते हैं ।इसलिए अब महाविद्यालय में घंटी बजेगी जो सबको समय पर कार्य के लिए प्रेरित करेगी।
सावन महोत्सव के उपलक्ष्य में निशु राज, स्वधा, मुस्कान,मनीषा,सोनाली ,कल्पना ,प्रियंका ,सौम्या ,जूही ,नंदनी आदि छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।कार्यक्रम के अंत में दर्शनशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. स्मिता कुमारी ने महाविद्यालय के प्राचार्य, अतिथियों , सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी ,छात्राओं व मीडियाकर्मियों को धन्यवाद ज्ञापित किया ।
