
RKTV NEWS/आरा (भोजपुर)29 मई।बिहार सरकार के पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग की अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजया लक्ष्मी द्वारा भोजपुर जिले का भ्रमण किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया, उप विकास आयुक्त गुंजन सिंह, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी,जिला गव्य विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे। भ्रमण के क्रम में अपर मुख्य सचिव द्वारा जिला समाहरणालय सभागार में विभागीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी विभागीय पदाधिकारीगण मौजूद थे। बैठक में उन्होंने मत्स्य एवं गव्य विकास विभाग को योजनाओं में तीव्र प्रगति लाने का निर्देश दिया। मत्स्य विभाग के अंतर्गत हैचरी और फीड मील से जुड़ी जानकारियां भी ली गईं। पशुपालन विभाग से संबंधित समीक्षा के दौरान जिला पशुपालन पदाधिकारी को कृत्रिम गर्भाधान कार्य में गति लाने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त, पशुगणना एवं मोबाइल वेटरिनरी यूनिट (MVU) से संबंधित मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अपर मुख्य सचिव ने शाहाबाद दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति (COMFED) का भी भ्रमण कर निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य व्यवसाय को बढ़ावा देकर स्वरोजगार के अधिकाधिक अवसर सृजित किए जाएं।
