
RKTV NEWS/जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम)16 अक्टूबर।दुर्गापूजा के दौरान जमशेदपुर शहर में स्वच्छता बनाए रखने तथा पूजा में उपयोग किए गए फूलों एवं अन्य पूजन सामग्री के उचित निष्पादन को लेकर नगर निकायों द्वारा विशेष पहल की गई है। जीरो वेस्ट पंडाल प्रतियोगिता 2026 के तहत उपायुक्त राजीव रंजन एवं अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्नव मिश्रा, नगर आयुक्त योगेन्द्र प्रसाद ने फूल संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस पहल का उद्देश्य दुर्गापूजा के दौरान पूजा पंडालों में उत्पन्न होने वाले कचरे का नियमित उठाव सुनिश्चित करना तथा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाए रखना है। इसके लिए विभिन्न पूजा पंडालों में कूड़ेदान की व्यवस्था की गई है। साथ ही, फूलों एवं अन्य पूजन सामग्री के संग्रहण के लिए विशेष वाहन तैनात किए गए हैं, जो निर्धारित अंतराल पर पंडालों से कचरे का उठाव करेंगे।
उपायुक्त राजीव रंजन ने इस पहल को लेकर बताया कि दुर्गापूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा पंडालों में पहुंचते हैं। इस दौरान फूल, प्रसाद एवं अन्य पूजन सामग्री के अवशेष जमा होने से स्वच्छता बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। इसे ध्यान में रखते हुए नगर निकायों को व्यवस्थित कचरा संग्रहण एवं निष्पादन की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं ताकि पूजा के दौरान शहर की स्वच्छता प्रभावित न हो। उन्होने पूजा समितियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पूजन सामग्री और अन्य कचरे को निर्धारित कूड़ेदानों में ही डालें तथा स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। जीरो वेस्ट पंडाल प्रतियोगिता 2026 के माध्यम से पूजा पंडालों में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन एवं पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।
