
RKTV NEWS/चतरा (झारखंड)15 अक्टूबर।चतरा जिले में मनोरंजन की सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के समीप नवनिर्मित पिक्चर टाइम सिनेमाघर में बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 की देर शाम फिल्म ‘हनुमान अंश’ का प्रदर्शन कर सफलतापूर्वक ट्रायल किया गया।
इस अवसर पर सांसद, चतरा लोकसभा क्षेत्र काली चरण सिंह, उपायुक्त रवि आनंद, झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता, जिला परिषद अध्यक्ष ममता कुमारी, जिला परिषद उपाध्यक्ष बृज किशोर तिवारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शकील अहमद,योजना पदाधिकारी शिशिर पंडित सहित कई गणमान्य एवं पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
ट्रायल के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर उपायुक्त रवि आनंद ने बताया कि नवनिर्मित सिनेमाघर का ट्रायल किया गया, जो सफल रहा। उन्होंने कहा कि नियमानुसार सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण होने के पश्चात जल्द ही सिनेमाघर में नियमित रूप से फिल्मों का प्रदर्शन शुरू किए जाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
चतरा में सिनेमाघर की शुरुआत होने से जिलेवासियों को अपने ही शहर में फिल्म देखने की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे विशेषकर युवाओं और परिवारों को मनोरंजन का एक नया विकल्प मिलेगा। साथ ही, जिले में मनोरंजन संबंधी सुविधाओं के विस्तार को भी बढ़ावा मिलेगा।
