छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करें प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, बिजली, पानी, शौचालय एवं साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश
RKTV NEWS/दुमका ( झारखंड)13 अक्टूबर।उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में जिला कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति, कल्याण छात्रावासों की स्थिति, छात्रवृत्ति भुगतान, साइकिल वितरण तथा निर्माणाधीन योजनाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों एवं लाभुकों को मिलने वाली सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने देने का निर्देश दिया।
छात्रावासों में विद्यार्थियों की सुविधाओं का रखें विशेष ध्यान
उपायुक्त ने सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों से उन्हें आवंटित छात्रावासों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के कल्याण छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करें तथा वहां रह रहे विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की स्थिति का जायजा लें। छात्रावासों में बिजली, पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय सहित अन्य सभी मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहनी चाहिए। विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसे प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने छात्रावासों की छत एवं भवन की स्थिति की भी नियमित जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भवन में किसी प्रकार की कमजोरी अथवा मरम्मत की आवश्यकता सामने आने पर समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा प्रभावित न हो। प्रखंड कल्याण पदाधिकारी छात्रावासों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें और उनके निराकरण के लिए त्वरित पहल करें।
साइकिल वितरण एवं छात्रवृत्ति योजनाओं में अनावश्यक विलंब नहीं हो
बैठक में साइकिल वितरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस पर जिला कल्याण पदाधिकारी ने जानकारी दी कि साइकिल वितरण का कार्य जल्द ही पूर्ण कर लिया जाएगा। उपायुक्त ने प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों को इस कार्य की नियमित निगरानी करने तथा यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पात्र विद्यार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे।
इसके अतिरिक्त प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने लंबित आवेदनों एवं भुगतान से संबंधित मामलों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि छात्रवृत्ति के मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप पात्र विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ उपलब्ध कराया जाए। विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं साइकिल जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं समय पर मिलें, इसके लिए संबंधित पदाधिकारी जवाबदेही के साथ कार्य करें।
निर्माणाधीन योजनाओं को निर्धारित समय पर पूरा करने का निर्देश
उपायुक्त ने आदिवासी संस्कृति एवं कला केंद्र के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए इसे जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने एकलव्य मॉडल विद्यालय में भवन निर्माण सहित अन्य लंबित कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने को कहा, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक में जिले के सभी आयुर्वेदिक चिकित्सा केंद्रों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि चिकित्सा केंद्रों में दवाओं की कमी नहीं होनी चाहिए तथा आमजनों को उपचार संबंधी सुविधाएं नियमित रूप से मिलती रहें।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि कल्याण विभाग की योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित करें। छात्रावासों की व्यवस्था, विद्यार्थियों की सुरक्षा, छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण एवं निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

