
RKTV NEWS/जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम)19 अगस्त।समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, आधारभूत संरचना निर्माण तथा जनहित से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए लंबित कार्यों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में राजकीय पारामेडिकल संस्थान तथा एमजीएम मेडिकल कॉलेज के भवन एवं छात्रावास निर्माण हेतु चिन्हित भूमि के हस्तांतरण, रिजनल वैक्सीनेशन सेंटर के लिए नए भवन, केजीबीवी डुमरिया में पेयजल व्यवस्था, जुगसलाई कन्या उच्च विद्यालय में 11 अतिरिक्त कक्षा-कक्ष (ACR) के निर्माण, झारखंड मुख्यमंत्री मइयां सम्मान योजना के अंतर्गत भुगतान से वंचित लाभुकों के सत्यापन एवं निराकरण सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
इसके अलावा विभिन्न प्रखंडों में आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने, उत्क्रमित पशु चिकित्सा केंद्र मानगो के संचालन के लिए वैकल्पिक भवन उपलब्ध कराने, डिमना चौक में डीवीसी की EHT लाइन की ऊंचाई बढ़ाने के लिए मोनोपोल लगाने, आसनबनी में वाटर पाइपलाइन शिफ्टिंग, अवध डेंटल कॉलेज से बरसोल तक सड़क के दोनों ओर स्ट्रीट लाइट लगाने, मुसाबनी डिग्री कॉलेज को आवंटित भूमि पर बाउंड्री वॉल निर्माण तथा पाइपलाइन बिछाने हेतु एनओसी समेत अन्य विकास एवं आधारभूत संरचना संबंधी विषयों की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सभी प्रखंडों में छूटे हुए दिव्यांग बच्चों का सरकारी विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि सभी दिव्यांग बच्चों का नामांकन हो चुका है, तो जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) इस संबंध में प्रमाण पत्र समर्पित करें। बैठक में बच्चों के बैंक खाता खोलने की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि लगभग एक हजार बच्चों के बैंक खाते अभी नहीं खुले हैं। उपायुक्त ने एलडीएम के साथ समन्वय स्थापित कर विशेष अभियान के माध्यम से सभी पात्र बच्चों के बैंक खाते खुलवाने का निर्देश दिया, ताकि उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
उपायुक्त ने सभी प्रखंडों में खराब पड़े जलमीनारों की सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मतीकरण कराने का निर्देश दिया। साथ ही, एमजीएम मेडिकल कॉलेज में आधारभूत संरचना के मरम्मतीकरण से संबंधित कार्यों में तेजी लाने तथा लंबित कार्यों का विभागीय समन्वय के साथ शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि विकास एवं आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं हो। विभागीय स्तर पर आने वाली समस्याओं का आपसी समन्वय से समाधान करते हुए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ आमजनों को शीघ्र मिल सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल, निदेशक एनईपी राजेश कुमार व अन्य संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी घाटशिला, बीडीओ, सीओ व अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

