RK TV News
खबरें
Breaking Newsसाहित्य

भोजपुर:सामंतवाद, साम्राज्यवाद, सांप्रदायिकता और जातिवाद-वर्णवाद का विरोध करती हैं कहानियां : जितेंद्र कुमार

विजेंद्र अनिल ने किसान-मजदूरों के बीच रहकर कहानियां लिखी हैं : प्रो. रवींद्रनाथ राय

पहले झोपड़ी जलती थी आज बुलडोजर चल रहा है : प्रो. निलांबुज
एक सच्चे लेखक-बुद्धिजीवी को जनांदोलनों के साथ होना चाहिए : सुधीर सुमन

विजेंद्र अनिल के तीसरे कहानी संग्रह ‘फर्ज’ का लोकार्पण हुआ।

RKTV NEWS/आरा(भोजपुर )29 जून।‘‘विजेंद्र अनिल की कहानियाँ सामाजिक-राजनीतिक दृष्टि संपन्न कहानियाँ हैं। इनमें सामंतवाद, साम्राज्यवाद, सांप्रदायिकता और जातिवाद-वर्णवाद का विरोध है। इनमें नए जनतांत्रिक समाज के निर्माण का संघर्ष और सपनों की सच्चाइयाँ हैं। ‘सफर’ कहानी में सिर्फ भोजपुर का ही यथार्थ नहीं है, वैसा ही यथार्थ पंजाब की पृष्ठभूमि पर लिखे गए जगदीशचंद्र के उपन्यास ‘धरती धन न अपना’ में है। इन कहानियों को पढ़ते हुए यह स्पष्ट वैचारिक समझ बनती है कि जातिवाद से मुक्ति से ही समाज आगे बढ़ेगा। बाबा साहब का सपना भी जातिविहीन समाज का ही था।’’ नागरी प्रचारिणी पुस्तकालय के सभागार में जन संस्कृति मंच द्वारा आयोजित प्रसिद्ध जनगीतकार और जनवादी कहानीकार विजेंद्र अनिल के तीसरे कहानी संग्रह ‘फर्ज’ के लोकार्पण और उस पर बातचीत के कार्यक्रम में कवि-आलोचक जितेंद्र कुमार ने ये विचार व्यक्त किये। ‘फर्ज’ कहानी संग्रह विजेंद्र अनिल के निधन के उन्नीस वर्ष बाद उनके पुत्र सुनील श्रीवास्तव के प्रयास से प्रकाशित हुआ है। इस अवसर पर सुनील श्रीवास्तव ने पुस्तक प्रकाशन से संबंधित अपने अनुभवों को साझा करते हुए यह जानकारी दी कि विजेंद्र अनिल की कहानियों, कविताओं, आलोचनात्मक लेखों और डायरियों का प्रकाशन होना अभी शेष है; जिनकी संख्या लगभग 10 है।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रलेस के राज्य अध्यक्ष प्रो. रवींद्रनाथ राय, जसम के राज्य अध्यक्ष जितेंद्र कुमार, जलेस के प्रो. निलांबुज सरोज और वरिष्ठ कवि जनार्दन मिश्र ने संयुक्त रूप से की। संचालन जसम के जिला सचिव कवि सुमन कुमार सिंह ने की।
‘फर्ज’ कहानी संग्रह के लोकार्पण के बाद इसमें संकलित कहानियों पर विस्तार से बोलते हुए सुधीर सुमन ने कहा कि ग्रामीण पृष्ठभूमि की इन कहानियों में समाज के जनवादीकरण का जो संघर्ष है अब वह पूरे देश में लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई से जुड़ गया है। भूस्वामियों व सरकार-प्रशासन के दलालों द्वारा गांव में खुद को ही सरकार समझने का दंभ और इसके लिए हर किस्म की नृशंसता पर उतारू होने, पुलिसिया दमन, एनकाउंटर की प्रवृत्ति तथा सांपद्रायिक नफरत और धार्मिक पाखंड के जरिए संघर्षशील जनता की एकता को कमजोर करने, प्रकृति का विनाश, शिक्षा-स्वास्थ्य तंत्र और रोजगार के अवसरों की खराब स्थिति, गांव से लेकर शहर तक के ‘सफर’ में छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी संघर्ष करने की बाध्यता तथा इस प्रक्रिया में सरकार, प्रशासन और न्याय व्यवस्था के अन्याय को झेलने की हकीकतें इन कहानियों को चार-साढ़े चार दशक बाद भी प्रासंगिक बनाती हैं। आज कारपोरेट जमींदार आ गए हैं, जो देश की पूरी संपदा को सरकार और पुलिस-फौज के सहयोग से लूट रहे हैं। महंगाई, बेरोजगारी, आर्थिक विषमता और अपराधियों का वर्चस्व बढ़ा है। ऐसी परिस्थितियों में एक सच्चे लेखक-बुद्धिजीवी को जनता के हक-अधिकार के लिए चलने वाले आंदोलनों के साथ होना चाहिए, यही विजेंद्र अनिल की कहानी ‘फर्ज’ बताती है।
प्रो. रवींद्रनाथ राय ने कहा कि विजेंद्र अनिल की इन कहानियों के केंद्र में मजदूर और किसान हैं। इनमें निम्न जातियाँ वर्गीय आधार पर एकताबद्ध हैं। उनकी कहानियों में मुस्लिम पात्रों का अभाव नहीं है। वे भी परिवर्तन के संघर्ष में शामिल हैं। स्वयं कहानीकार ने भी इन्हीं किसान-मजदूरों के बीच रहकर, उनके सुख-दुख के साथ खड़े होकर कहानियां लिखी है।
‘दस्तक’ पत्रिका के संपादक कहानीकार रामयश अविकल ने कहा कि दलित-पिछड़ों का गांवों में जो दमन हो रहा था, उसके प्रतिरोध में उभरे संघर्ष की चेतना से विजेंद्र अनिल की कहानियाँ रची गयी थीं। उन्होंने ‘अमन-चैन’, ‘फर्ज’ और ‘जगरम’ कहानी की विशेष रूप से चर्चा की। ‘जगरम’ के अब्दुल दादा की शख्सियत को उन्होंने आज के दौर के लिए प्रासंगिक बताया।
प्रो. निलांबुज सरोज ने कहा कि ‘फर्ज’ संग्रह की कहानियों को पढ़ते हुए उन्हें लगा कि वे नक्सलवादी आंदोलन के इतिहास की कोई किताब पढ रहे हैं। आज सत्ता अपने से असहमत आवाजों को ‘अर्बन नक्सल’ कहती है। सच तो यह है कि पहले दलितों की झोपड़ी जल रही थी, आज बुलडोजर चल रहा है। ऐसे समय में बुद्धिजीवियों की भूमिका क्या होनी चाहिए, इसे ‘फर्ज’, ‘खून’ और ‘कॉमरेड लाल के संस्मरण’ जैसी कहानियां स्पष्ट करती है।
वरिष्ठ कवि जनार्दन मिश्र ने कहा कि विजेंद्र अनिल का संपूर्ण जीवन संघर्षमय रहा। उनकी कहानियों में एक स्वार्थी वर्ग है, जो बेहद क्रूर है, जिसके खिलाफ गरीब-मजदूर जनता वर्गीय संघर्ष करती है।
कवि संतोष श्रेयांश ने कहा कि विजेंद्र अनिल की कहानियों में सामंती प्रवृत्ति के खिलाफ प्रतिरोध मिलता है। ‘सफर’ कहानी यह बताती है कि समाज में कैसे एक विद्रोही चरित्र पैदा होता है।
रंगकर्मी इश्तेयाक अहमद ने विजेंद्र आनेल से जुड़े संस्मरण सुनाए और बताया कि कैसे वहां के स्थानीय सामंत के गुर्गों ने उनका हाथ तोड़ दिया था, लेकिन उन्होंने जनसंघर्षों के पक्ष में लिखना बंद नहीं किया।
संचालक सुमन कुमार सिंह ने कहा कि विजेंद्र अनिल की कहानियाँ भोजपुर के मजदूर-किसान आंदोलन की प्रक्रिया को उजागर करने वाली कहानियाँ हैं। जो भी गरीबी-बेरोजगारी को झेल रहे हैं, जो भी लोकतंत्रपसंद लोग हैं, उन सबके पक्ष में ये कहानियाँ लिखी गयी हैं।
कार्यक्रम के दौरान सूर्य प्रकाश, अमित मेहता और धनंजय ने विजेंद्र अनिल के जनगीत ‘लिखने वालों को मेरा सलाम, पढने वालों को मेरा सलाम’ और ‘रउरा शासन के बड़ए ना जवाब भाई जी’ का गायन किया।
धन्यवाद ज्ञापन रंगकर्मी सूर्यप्रकाश ने किया।
इस अवसर पर यतींद्रनाथ सिंह, कृष्ण यादव ‘कृष्णेंदु’, कवि सुनील कुमार चौधरी, धनंजय कटकैरा, किशोर कुमार, अखिलेश कुमार, शमशाद प्रेम, रामनिवास राम, विक्रांत, बबलू कुमार गुप्ता, शिवजी राम आदि भी मौजूद थे।

Related posts

श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और शोभा करंदलाजे की उपस्थिति में स्विगी के साथ किया समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर।

rktvnews

भोजपुर:जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में स्वास्थ्य योजनाओं एवं जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा बैठक आयोजित।

rktvnews

चतरा विधानसभा व सिमरिया विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों का स्थल परिवर्तन, नाम में संशोधन को लेकर सभी राजनितिक दल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक सम्पन्न।

rktvnews

चांदी की पालकी में शाही लवाजमे के साथ निकली तीज माता की सवारी !लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से मोहा सबका मन, देशी-विदेशी पर्यटकों में दिखा उत्साह।

rktvnews

पश्चिमी चंपारण:”बिहार आइडिया फेस्टिवल” में चमकी नवाचार की लौ।

rktvnews

भोजपुर: आनंद इंटरनैशनल स्कूल में क्रिसमस डे”पर वार्षिक खेलोत्सव का पुरस्कार वितरण “समारोह आयोजित।

rktvnews

Leave a Comment