
RKTV NEWS/गिरिडीह(झारखंड )24 जून। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 (Special Intensive Revision-2026) के सफल, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित क्रियान्वयन को लेकर 28-धनवार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में दिनांक 30 जून 2026 से प्रारंभ होने वाले गणना चरण (Enumeration Phase) के मद्देनजर बी.एल.ओ. एवं बी.एल.ओ. पर्यवेक्षकों के लिए प्रखण्ड सभागार, गावां, तिसरी एवं धनवार में चरणबद्ध प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में दिनांक 22 जून 2026 को प्रखण्ड सभागार, तिसरी में बी.एल.ओ. एवं बी.एल.ओ. पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 28-धनवार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, खोरीमहुआ, समीर रेनियर खलखो स्वयं उपस्थित हुए तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए श्री खलखो ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्वाचन आयोग का अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं विश्वसनीय बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना चाहिए तथा अपात्र, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं की पहचान कर सूची को त्रुटिरहित बनाया जाना चाहिए। इसके लिए बी.एल.ओ. घर-घर जाकर निर्धारित गणना प्रपत्र के माध्यम से प्रत्येक परिवार का सत्यापन सुनिश्चित करें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचते हुए सभी योग्य नागरिकों का विवरण संकलित करें।
प्रशिक्षण के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सारिणी, गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण, पावती संधारण, घर-घर सर्वेक्षण की कार्यप्रणाली, ECINET BLO App के संचालन, Parent Mapping एवं Progeny Mapping, गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन, QR Code Scanning, Form Submission, मतदाताओं के फोटो अपलोड, ASDD सूची निर्माण एवं सत्यापन, Uncollectable Electors से संबंधित प्रक्रिया तथा प्रपत्र-6, 7 एवं 8 के निष्पादन संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य निष्पादन हेतु आवश्यक तकनीकी एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
श्री खलखो ने कहा कि गणना चरण के दौरान प्रत्येक बी.एल.ओ. की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मतदाता सूची की शुद्धता एवं विश्वसनीयता काफी हद तक उनके कार्यों पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी कर्मियों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित अवधि के भीतर प्रत्येक परिवार तक पहुंच सुनिश्चित करें तथा कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। साथ ही सभी कार्यों का निष्पादन पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ करने पर विशेष बल दिया।
उन्होंने बताया कि प्रखण्ड सभागार, गावां एवं धनवार में दिनांक 23 जून 2026 को निर्धारित कार्यक्रमानुसार शेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें संबंधित मतदान केन्द्रों के बी.एल.ओ. एवं बी.एल.ओ. पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन एवं प्रभावी अनुश्रवण हेतु संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी तथा अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को आवश्यक दायित्व सौंपे गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो तथा निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
