RK TV News
खबरें
Breaking News

दुमका:ड्रिप खेती, आदिवासी लोककला ‘चादर-बादोनी’ एवं महिला उद्यमिता की सफल पहलों का उप विकास आयुक्त ने किया निरीक्ष।

RKTV NEWS/दुमका ( झारखंड)19 जून।उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान ने गुरुवार को मसलिया प्रखंड क्षेत्र में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) द्वारा संचालित विभिन्न आजीविका गतिविधियों का निरीक्षण कर उनके प्रभाव एवं प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कृषि, लोक संस्कृति एवं महिला उद्यमिता से जुड़ी सफल पहलों का अवलोकन करते हुए लाभार्थियों से संवाद किया।
भ्रमण के क्रम में उप विकास आयुक्त ने सर्वप्रथम डोमकाट्टा गांव का दौरा किया, जहां जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) परियोजना के अंतर्गत ड्रिप सिंचाई प्रणाली के माध्यम से लगभग दो एकड़ क्षेत्र में की जा रही करेला, बींस एवं बैंगन की खेती का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों द्वारा अपनाई जा रही आधुनिक एवं जल-संरक्षण आधारित कृषि तकनीकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी पहलें किसानों की उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
इसके पश्चात उन्होंने नवासार गांव में प्रख्यात कठपुतली कलाकार मानेश्वर मुर्मू एवं उनकी टीम से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने संताल परगना की विशिष्ट आदिवासी कठपुतली लोककला ‘चादर-बादोनी’ का अवलोकन किया। उप विकास आयुक्त ने कहा कि यह कला क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने इस विलुप्तप्राय लोककला के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए श्री मुर्मू और उनकी टीम द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने मसलिया प्रखंड परिसर में संचालित पलाश आजीविका दीदी कैफे का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने कैफे का संचालन कर रही महिला सदस्यों से उनके व्यवसाय, आय एवं भविष्य की योजनाओं के संबंध में चर्चा की। दीदियों ने बताया कि कैफे में प्रतिदिन लगभग 60 से 70 प्लेट खाद्य सामग्री की बिक्री हो रही है तथा ग्राहकों की बढ़ती मांग को देखते हुए भविष्य में व्यवसाय के और विस्तार की संभावनाएं हैं। उप विकास आयुक्त ने महिलाओं द्वारा संचालित इस सफल उद्यम की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अफजर हसनैन, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के जिला कार्यक्रम प्रबंधक निशांत इक्का, जिला प्रबंधक (आजीविका संवर्धन) प्रणव प्रियदर्शी, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक नवीन कुमार श्रीवास्तव, प्रखंड प्रोग्राम पदाधिकारी रवि कुमार श्रीवास्तव, क्लस्टर कोऑर्डिनेटर सुभान अंसारी, पीआरपी मार्शल मुर्मू सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Related posts

अडानी पर अमेरिका में लगे रिश्वत देने के अभियोगों का सर्वोच्च न्यायालय स्वतः संज्ञान लेकर कार्यवाही करे: दीपांकर भट्टाचार्य

rktvnews

पटना : उदीयमान भास्कर को अर्घ्य अर्पण के साथ चैती छठ संपन्न।

rktvnews

नई दिल्ली:भारत की सामरिक शक्ति और वैश्विक भूमिका पर केंद्रित रही RSJM की 5वीं संगोष्ठी।

rktvnews

दैनिक पञ्चांग:18 नवंबर 23

rktvnews

नवादा: डीएम ने भू अर्जन से संबंधित संचालित योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक की।

rktvnews

आईएनएस काबरा श्रीलंका में कोलंबो पहुंचा।

rktvnews

Leave a Comment