
RKTV NEWS/देवघर (झारखंड)13 जून।उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया व पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर की सयुंक्त अध्यक्षता में12 जून को चौकीदार व होमगार्ड नियुक्ति संबंधी बैठक समाहरणालय कक्ष में आयोजित की गई। इस दौरान उपायुक्त ने होमगार्ड और चौकीदारों के रिक्त पदों पर सीधी भर्ती को लेकर अब तक की गई प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया।
इसके अलावा बैठक के दौरान उपायुक्त ने भर्ती से जुड़े आवेदन प्रक्रिया और भौतिक सत्यापन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के लिए समय-सीमा निर्धारित करने का निर्देश दिया, ताकि आवश्यक सभी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित की जा सके। आगे उन्होंने शारारिक दक्षता, आरएफआईडी तकनीक के उपयोग का निर्देश दिया, ताकि तकनीक के उपयोग से अभ्यर्थियों की दौड़ और अन्य शारीरिक स्पर्धाओं का सटीक डेटा डिजिटल रूप में सुरक्षित रहेगा, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनेगी। इसके अलावा उपायुक्त ने भर्ती से जुड़े विभिन्न चरणों के लिए अधिकारियों को सख्त समय-सीमा निर्धारित करने का निर्देश दिया है। साथ ही आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने के अलावा प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी और भौतिक सत्यापन के लिए आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। इसके अतिरिक्त शारीरिक एवं लिखित परीक्षा को निष्पक्ष वातावरण में आयोजित कराने से जुड़े विभिन्न तैयारियों को ससमय पूर्ण करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
बैठक में उपरोक्त के अलावा उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, देवघर रवि कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हेडक्वार्टर डीएसपी, होमेगॉर्ड कमांडेंट, सामान्य शाखा प्रभारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी एवं संबंधित विभाग के अधिकारी व कर्मी आदि उपस्थित थे।
