
RKTV NEWS/चतरा (झारखंड)11 जून।जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) सह प्रशिक्षण भवन सभागार में आयकर विभाग, टीडीएस वार्ड, बोकारो द्वारा “TDS/TCS Awareness Programme” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न सरकारी विभागों के आहरण एवं संवितरण पदाधिकारियों (DDOs) तथा संबंधित कर्मियों को टीडीएस/टीसीएस से संबंधित प्रावधानों, नवीन संशोधनों तथा अनुपालन संबंधी दायित्वों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में लगभग 150 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इनमें विभिन्न विभागों के आहरण एवं संवितरण पदाधिकारी (DDOs), लेखा एवं स्थापना शाखा से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल थे।
कार्यक्रम में जिला कोषागार पदाधिकारी मनोज प्रजापति, डीआरडीए निदेशक अलका कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी चतरा जहूर आलम, अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया प्रदीप कुमार महतो सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
आयकर अधिकारी, टीडीएस वार्ड, बोकारो दीपक कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि TDS एवं TCS कर प्रशासन की एक महत्वपूर्ण व्यवस्था है, जो कर संग्रहण को सुगम बनाने के साथ-साथ कर अनुपालन को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी DDOs से निर्धारित दरों पर कर कटौती सुनिश्चित करने, कटौती की गई राशि को समय पर सरकारी खाते में जमा करने तथा त्रैमासिक TDS विवरणी नियत समय के भीतर एवं त्रुटिरहित ढंग से दाखिल करने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि TDS विवरणी में त्रुटि होने अथवा समय पर रिटर्न दाखिल नहीं किए जाने की स्थिति में संबंधित करदाता के Form 26AS एवं अन्य कर अभिलेखों में सही विवरण प्रदर्शित नहीं हो पाता, जिससे आयकर विवरणी दाखिल करने में कठिनाइयाँ उत्पन्न हो सकती हैं तथा अनावश्यक कर मांग की स्थिति बन सकती है।
सेमिनार के दौरान टीडीएस/टीसीएस से संबंधित विभिन्न प्रावधानों, सामान्य त्रुटियों, अनुपालन संबंधी आवश्यकताओं तथा विलंब या चूक की स्थिति में लागू ब्याज, दंडात्मक एवं अभियोजन संबंधी प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही नवीन आयकर अधिनियम, 2025 की पृष्ठभूमि एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि नए अधिनियम का उद्देश्य कर कानून को अधिक सरल, स्पष्ट, सुव्यवस्थित एवं उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाना है। प्रतिभागियों को यह भी अवगत कराया गया कि नए अधिनियम में टीडीएस/टीसीएस से संबंधित प्रावधानों को अधिक व्यवस्थित रूप से प्रस्तुत किया गया है, जिससे अनुपालन को समझना और लागू करना अधिक सरल होगा।
इस अवसर पर टैक्स कल्सलटेंट अविनाश कुमार ने TDS रिटर्न दाखिल करने के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं, सामान्य त्रुटियों एवं उनके समाधान पर विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने प्रतिभागियों को रिटर्न फाइलिंग प्रक्रिया को अधिक सरल, समयबद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम का संचालन आयकर निरीक्षक विनोद कृष्ण द्वारा किया गया। उन्होंने तकनीकी सत्र के दौरान TDS/TCS से संबंधित प्रमुख प्रावधानों, नवीन आयकर अधिनियम, 2025 के महत्वपूर्ण पहलुओं तथा अनुपालन संबंधी विषयों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों एवं शंकाओं का समाधान किया गया। प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा इसे अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया।
