
RKTV NEWS/चतरा (झारखंड)24 मई।मुख्यमंत्री झारखंड सरकार हेमंत सोरेन के निर्देशानुसार बढ़ते तापमान एवं भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन, चतरा द्वारा जिलेभर में आमजनों एवं राहगीरों की सुविधा हेतु प्याऊ की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जिला मुख्यालय, सभी प्रखंड कार्यालयों, विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि लोगों को गर्मी एवं हीट वेव से राहत मिल सके।
जिला प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों को प्याऊ स्थलों पर नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने, साफ-सफाई बनाए रखने एवं आमजनों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने का निर्देश दिया गया है।
जिले के विभिन्न कार्यालय परिसरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर मिट्टी के घड़ों के माध्यम से शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही लोगों को हीट वेव से बचाव एवं पर्याप्त मात्रा में पानी पीने के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने आमजनों से अनावश्यक रूप से तेज धूप में बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। साथ ही गर्मी एवं लू से बचाव को लेकर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन द्वारा आमजनों की सुविधा एवं राहत को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार सुनिश्चित की जा रही हैं।
