
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)16 मई।बट वृक्ष की पूजा श्रद्धावान महिलाऐं संयुक्त रुप से कर रही थी।सबके मन में पति की लंबी आयु की मंगलकामना थी।उसी क्रम में अखगांव बाजार के समीप आयोजित वट वृक्ष पूजा स्थल पर अचानक अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना उस समय हुई जब वट सावित्री पूजा के दौरान पूजा सामग्री में अचानक आग लग गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूजा के दौरान कुछ महिला व्रतियों की लापरवाही के कारण दीपक एवं अन्य ज्वलनशील सामग्री से आग भड़क उठी। देखते ही देखते पूजा स्थल पर मौजूद सामग्री आग की चपेट में आ गई, जिससे वहां मौजूद महिलाओं में भगदड़ मच गई।हालांकि स्थानीय लोगों और उपस्थित श्रद्धालुओं की तत्परता से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कुछ देर के लिए पूजा स्थल पर भय और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।घटना के बाद लोगों ने पूजा-पाठ के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और दीपक व अन्य ज्वलनशील सामग्री को सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की।
