जिला आयोजना क्षेत्र विस्तार एवं ‘विस्तृत ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप’ को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक।
RKTV NEWS/मुजफ्फरपुर(बिहार)14 मई। मुजफ्फरपुर के सुनियोजित, आधुनिक एवं दीर्घकालिक शहरी विकास को लेकर गुरुवार को जिला सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तावित “विस्तृत ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप” तथा जिला आयोजना क्षेत्र के विस्तार पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2017 में अधिसूचित वर्तमान आयोजना क्षेत्र का कुल क्षेत्रफल 265.71 वर्ग किलोमीटर है। प्रस्तावित विस्तार योजना के तहत 162.58 वर्ग किलोमीटर नए क्षेत्र को शामिल किया जाएगा, जिसके बाद कुल आयोजना क्षेत्र बढ़कर 428.29 वर्ग किलोमीटर हो जाएगा। विस्तारित क्षेत्र में नगर निगम मुजफ्फरपुर, नगर परिषद कांटी, नगर पंचायत माधोपुर सुस्ता सहित कुल 274 राजस्व ग्राम एवं पांच सेंसस टाउन शामिल किए गए हैं।
प्रस्तावित विस्तार में मुसहरी, कांटी, कुढ़नी, मड़वन, मीनापुर एवं बोचहां प्रखंड के गांवों को शामिल किया गया है। योजना का उद्देश्य भविष्य की शहरी आवश्यकताओं, बेहतर सड़क नेटवर्क, आधारभूत संरचना, ट्रैफिक प्रबंधन, आवासीय विकास एवं निवेश संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना है।
प्रस्तावित सीमा इस प्रकार होगी
उत्तर दिशा
मिर्जापुर, पटियासा, हलीमचक, युसुफपुर, सादुल्लाहपुर, झपहां, जमालाबाद, मुस्तफापुर, सलेमपुर डाब, राघोपुर, चनपरणा, रायपुरा उर्फ शाहपुर लक्ष्मण, विशुनपुर केसो उर्फ किशुनपुरकुल, मुरसंड, परसद, पतनाहा शिरोराम से होते हुए खरिका उर्फ भेलदपुर तक।
दक्षिण दिशा
नरायणपुर, मनिका हरिकेशुन, मानवी, समापुर उर्फ नन्दनग्रामपुर, चक अलाहदाद, चैनपुर, बर्रा बाजिद, मधुपुर, चक मेहसी, माधोपुर सुस्ता, काफेन दरिया छपरा, सकरी सरैया, तेलिया उर्फ बेकूपुर, इनायतपुर, छजन हरिशंकर, सिरसिया, गोरैया, फंदा उर्फ विशुनपुर फंदा, गोपालपुर, मतोना, करजा डीह, खलीलपुर, अरविंदपुर, चकिया उर्फ चक अहलाद से होते हुए मड़वन खुर्द तक।
पूर्व दिशा
सिघा उर्फ मढ़ैया फखरपुर, हमीदपुर, बहादुरपुर, पीर मोहम्मदपुर, नन्दु चक उर्फ युसुफपुर, मझौली उर्फ रसलपुर, मनिका हरिकेशुन, मानसी, नवादा uर्फ विशुनपुर भगवान, नरसिंहपुर से होते हुए नरायणपुर तक।
पश्चिम दिशा
पिपराहन असली, छौरी छपरा, भेरिया उर्फ छपरा देवनन्दन, पोखरैरा, कुशी उर्फ हरपुर भेरिहारी, हरसारपुर, रेपुराही, रसूलपुर करियत, रोशनपुर, हरचंदा एवं रोकमा से होते हुए बढ़ही तक।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभिन्न सुझाव दिए, जिन पर नियमानुसार विचार करने का आश्वासन दिया गया।
उप विकास आयुक्त श्रेष्ठ अनुपम ने कहा कि प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों का निष्पक्ष परीक्षण कर जनहित एवं विकास के बीच संतुलन बनाते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह ने कहा कि मुजफ्फरपुर को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने के लिए सुनियोजित शहरी विस्तार अत्यंत आवश्यक है। बेहतर आधारभूत संरचना एवं नागरिक सुविधाओं के लिए यह योजना महत्वपूर्ण साबित होगी।
मुजफ्फरपुर विधायक रंजन कुमार ने कहा कि शहर के तेजी से बढ़ते स्वरूप को देखते हुए योजनाबद्ध विकास समय की आवश्यकता है तथा सभी हितधारकों के सुझावों के आधार पर संतुलित निर्णय लिया जाना चाहिए।
कांटी विधायक अजीत कुमार ने ग्रामीण क्षेत्रों, भूमि उपयोग एवं स्थानीय लोगों के हितों की सुरक्षा को लेकर स्पष्ट नीति बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
महापौर निर्मला देवी ने कहा कि मुजफ्फरपुर को आधुनिक एवं व्यवस्थित शहर बनाने के लिए योजनाबद्ध विस्तार जरूरी है तथा नागरिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
कांटी प्रमुख कृपा शंकर शाही एवं नगर परिषद कांटी के सभापति दिलीप कुमार ने भी ग्रामीण हितों, प्रशासनिक पारदर्शिता एवं स्थानीय सुविधाओं को लेकर अपने सुझाव दिए।
बैठक के अंत में प्राप्त सभी सुझावों एवं आपत्तियों को संज्ञान में लेते हुए नियमानुसार आगे की कार्रवाई करने पर सहमति बनी।

