RK TV News
खबरें
Breaking News

इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस।

कुलपति डॉ. लवली शर्मा ने फहराया तिरंगा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मन मोहा।

खैरागढ़/छत्तीसगढ़ (रवींद्र पांडेय) 26 जनवरी। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ में 77वां गणतंत्र दिवस गरिमामय एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा द्वारा राजा वीरेंद्र बहादुर, रानी पद्मावती देवी एवं राजकुमारी इंदिरा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। फिर विश्वविद्यालय के समस्त शिक्षकगण, संगतकार एवं कर्मचारियों द्वारा सामूहिक राष्ट्रगान का सस्वर गायन किया गया। इसके बाद कुलपति ने राष्ट्रीय उल्लास के प्रतीक स्वरूप आकाश में गुब्बारे छोड़े। इसके पश्चात कुलसचिव, समस्त अधिष्ठातागण, अध्यक्ष शिक्षक संघ, अध्यक्ष संगतकार संघ, अध्यक्ष गैर-शिक्षक कर्मचारी संघ, सचिव विश्वविद्यालय कर्मचारी कल्याण संघ तथा छात्र-छात्रा प्रतिनिधियों द्वारा कुलपति का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
स्वागत समारोह के बाद अधिष्ठाता प्रो. डॉ. नमन दत्त के निर्देशन में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य गीत एवं राष्ट्रभक्ति गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर ललित कला निबंधावली शोध आलेख ग्रंथ का विमोचन भी किया गया। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

नवाचार की पहल : गणतंत्र दिवस पर नृत्य संकाय के विद्यार्थियों को मिला मंचीय प्रस्तुति का अवसर

विश्वविद्यालय में नवाचार को प्रोत्साहित करते हुए कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा ने इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर नृत्य संकाय के विद्यार्थियों को विशेष मंच प्रदान किया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को राष्ट्रीय पर्व जैसे गरिमामय अवसर पर प्रस्तुत कर उन्हें प्रोत्साहन देना रहा। इसके अंतर्गत नृत्य संकाय के विद्यार्थियों द्वारा भरतनाट्यम, ओडिसी एवं कथक नृत्य की सशक्त एवं मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें शास्त्रीय परंपरा, भावाभिव्यक्ति और सौंदर्य का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। इन प्रस्तुतियों को समारोह में उपस्थित जनसमूह ने उत्साहपूर्वक सराहा। आगामी वर्षों में राष्ट्रीय पर्वों के अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों को संगीत, नृत्य, गायन, वादन एवं अन्य कलाओं की प्रस्तुति के लिए मंच प्रदान किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता का विकास हो और विश्वविद्यालय में नवाचार की परंपरा निरंतर आगे बढ़ती रहे।

संविधान जीवन को ‘लय’ और ‘ताल’ प्रदान करने वाला ग्रंथ :कुलपति डॉ. लवली शर्मा

गणतंत्र दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा ने कहा कि जैसे संगीत में सातों सुरों का विशेष महत्व होता है, उसी प्रकार हमारे संविधान में प्रत्येक नागरिक, धर्म और संस्कृति का अपना विशिष्ट स्थान है। उन्होंने संविधान को जीवन की ‘लय’ और ‘ताल’ प्रदान करने वाला ग्रंथ बताते हुए युवाओं से चरित्र निर्माण और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने आगे उस्ताद बिस्मिल्लाह खान, पंडित भीमसेन जोशी और भारतीय लोकसंगीत का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय संगीत ने सदैव देश को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया है। महाकवि निराला की पंक्तियों का वाचन करते हुए उन्होंने युवाओं को नए भारत के निर्माण हेतु नई ऊर्जा, नई गति और नए स्वर के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. राजन यादव अधिष्ठाता लोक संगीत एवं कला संकाय ने किया। इस अवसर पर अधिष्ठातागण प्रो. राजन यादव, प्रो. नमन दत्त, डॉ. मानस साहू, डॉ. देवमाईत मिंज, कुलसचिव डॉ. सौमित्र तिवारी, सहायक कुलसचिव विजय कुमार सिंह, राजेश कुमार गुप्ता, प्रभारी कुलपति सचिवालय सी.पी. गायकवाड़ सहित शिक्षकगण, अधिकारीगण, संगतकारगण, अतिथि व्याख्यातागण, कर्मचारीगण, शोधार्थीगण एवं विद्यार्थीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related posts

भोजपुर: बखोरापुर आयुष्मान आरोग्य सेंटर का एनक्यूएएस के तहत हुआ सफल मूल्यांकन।

rktvnews

ग्रामीण विकास में ई ब्रजेश श्रीवास्तव का योगदान सराहनीय!अवकाश ग्रहण पर सम्मान समारोह का आयोजन।

rktvnews

बगीचे से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद।

rktvnews

ग्वालियर:वर्ष 2024 का जनकवि मुकुट बिहारी सरोज सम्मान यश मालवीय को, ग्वालियर में होगा समारोह।

rktvnews

मध्यप्रदेश:मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया “कल के शहरों का निर्माण” प्रदर्शनी का उद्घाटन।

rktvnews

बिहार:भोजपुर: विज्ञान देव जी के जन्मोत्सव पर रक्तदान शिविर आयोजित।

rktvnews

Leave a Comment