कानून और प्रशासनिक व्यवस्था के तहत होगा काम।
किसी के दबाव में आकर सरकारी अधिकारी एवं कर्मी नहीं करेंगे कार्य।
जनता के हितों के लिए तीव्र गति से कार्य करें अधिकारी।
जिलाधिकारी ने ठकराहा प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का किया औचक निरीक्षण।
स्थानीय अधिकारियों एवं कर्मियों को दिया आवश्यक दिशा-निर्देश।
RKTV NEWS/बेतिया (पश्चिमी चंपारण)14 फ़रवरी।जिलाधिकारी दिनेश कुमार राय ने गुरुवार को ठकराहा प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया और स्थानीय अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। बीडीओ, सीओ, बीपीआरओ सहित अन्य अधिकारियों एवं अभियंताओं ने प्रखंड में क्रियान्वित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के कार्य प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि योजनाओं का क्रियान्वयन मानक के अनुरूप कराना सुनिश्चित करें। क्रियान्वयन में गुणवत्ता का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित कराएं। योजनाओं का चयन अच्छे तरीके से करें ताकि जनता को सीधे सीधे लाभ हो सके। उन्होंने निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में विभागीय दिशा-निर्देश का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराएं। योजनाओं का भौतिक निरीक्षण एवं जाँच कर यह सुनिश्चित हो लें कि कार्य गुणवत्तापूर्ण सम्पन्न कराया गया है।
उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यालय के कैश बुक, रोकड़ पंजी सहित अन्य संचिकाएँ एवं अभिलेख अद्यतन रखें। अंचल तथा प्रखंड कार्यालय में आने वाले लोगों की बातों को गंभीरता से सुने और उनकी समस्याओं का नियमानुकूल समाधान कराएं।
आवास योजना सर्वे कार्य की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि पात्र व्यक्तियों का नाम नहीं छूटना चाहिए। इस कार्य को अत्यंत गंभीरता से लिया जाय। गड़बड़ी करने वालो के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि ऑनलाइन म्यूटेशन, परिमार्जन, ई मापी, अभियान बसेरा 2 से संबंधित लंबित मामलों का निष्पादन अविलंब कराना सुनिश्चित करें। राजस्व से संबंधित कार्यो को ससमय निष्पादित करने हेतु कारगर प्रयास करें।
उन्होंने निर्देश दिया कि अंचलाधिकारी स्वयं कर्मियों के कार्यो की मॉनिटरिंग करेंगे। उन्होंने निर्देश दिया कि शनिवार को थाना स्तर पर नियमित रूप से प्रभावी जनता दरबार का आयोजन किया जाय। नीलाम पत्र वाद से संबंधित मामलों को ससमय ऑनलाइन एंट्री करवा लें। रजिस्टर 9 एवं 10 का मिलान भी अनिवार्य रूप से नियमित कराएं।
जिलाधिकारी ने स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रखंड अंतर्गत ग्राम विकास शिविर जैसे कैम्प का आयोजन करने की तैयारी करें। जिससे स्थानीय ग्रामीणों को सहूलियत हो सके, उनके कार्यों का निष्पादन कैम्प में ही हो जाय। उन्हें अनुमंडल अथवा जिला स्तर पर नहीं आना पड़े।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी द्वारा सहायक अभियंता भवन निर्माण विभाग सहित अन्य स्थानीय पदाधिकारियों के साथ प्रखंड परिसर का स्थल निरीक्षण किया गया तथा नए बनने वाले प्रखंड सह अंचल कार्यालय हेतु अच्छी तरह से रूप-रेखा तैयार करने का निर्देश दिया गया।
पंस की बैठक स्थगित होने के बाद एक जनप्रतिनिधि और प्रखंड विकास पदाधिकारी के बीच विवाद की खबर पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने सैकडों लोगों की उपस्थिति में मीडियाकर्मियों के सवाल का जवाब देते हुए दो टूक कहा कि प्रखंड कार्यालय किसी की गुंडागर्दी से नहीं चलेगा, बल्कि कानून और प्रशासनिक व्यवस्था के तहत ही कार्य होगा। किसी के दबाव में आकर सरकारी अधिकारी एवं कर्मी कार्य नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में गुंडागर्दी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसी भी सूरत में दादागिरी या अराजकता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि गुंडागर्दी करने वाले तत्त्वों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यालय में आने वाले सभी व्यक्तियों के साथ सम्मानपूर्वक रवैया अपनाएं किंतु किसी के द्वारा यदि सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न किया जाता है तो उसके विरुद्ध समुचित कार्रवाई भी की जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार, समाज में अमन-चैन चाहती है और उसमें यदि किसी के द्वारा भेद डालने की कोशिश की जाएगी तो ना केवल इसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी बल्कि यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि इसके विरुद्ध क्राइम कंट्रोल एक्ट सहित विभिन्न नियमों/धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई हो।
उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में नियम और कायदे के तहत कार्य होना चाहिए और इसमें आम नागरिक सहित जनप्रतिनिधियों को सहयोग करना चाहिए। किसी पदाधिकारी/कर्मी के द्वारा दुर्व्यवहार किया जाएगा तो उनके विरुद्ध भी कार्रवाई होगी और यदि नागरिक/जनप्रतिनिधियों के द्वारा असामाजिक, अनैतिक रुख़ अपनाया जाएगा तो उनके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने डीएम को कृषि विभाग से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इस दौरान प्रखंड की कृषि भूमि पर अवैध रूप से उगाई गई 8 एकड़ गन्ने की फसल को जब्त किया गया है।
इस पर जिलाधिकारी स्पष्ट किया कि “सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होगी।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता, विभागीय जाँच, कुमार रविन्द्र, अनुमंडल पदाधिकारी, बगहा, गौरव कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी, प्रवीण कुमार राय, विशेष कार्य पदाधिकारी, सुजीत कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, शाम्भवी श्रीवास्तव, अंचल अधिकारी, सुमित कुमार राज, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, अविनाश सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित थे।





