
RKTV NEWS/बक्सर (बिहार) 16 जुलाई। सोमवार को जिला पदाधिकारी बक्सर अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता जिला आपूर्ति टॉस्क फोर्स की बैठक समाहरणालय परिसर अवस्थित सभाकक्ष में की गई।
जिला पदाधिकारी द्वारा सर्वप्रथम राशन कार्डधारकों के सदस्यों का ई-केवाईसी कार्य की समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में पाया गया कि बक्सर जिला में अब तक 62 प्रतिशत लाभुकों का ही ई-केवाईसी किया गया है, जो राज्य के औसत से कम है। प्रखण्डवार समीक्षा में सबसे खराब प्रगति सिमरी प्रखंड का पाया गया जहाँ मात्र 50 प्रतिशत ही लाभुकों का ई-केवाईसी किया गया है। इस संबंध में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सिमरी से कारण पृच्छा करते हुए वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही यह निर्देश दिया गया कि दिनांक 30.07.2024 तक सभी लाभुकों का ई-केवाईसी कराना सुनिश्चित करेंगे।
इसके अलावे राशन कार्ड के नये आवेदनों का अधिक संख्या में लंबित रहने के कारण सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के कार्य पर असंतोष व्यक्त किया गया एवं इसे शीध्र निष्पादित करने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा के क्रम में खाद्यान्न का उठाव/वितरण की समीक्षा की गई। विक्रेता संघ के प्रतिनिधि द्वारा बताया गया कि वाहन की कमी के कारण समय पर गोदाम से खाद्यान्न का उठाव नहीं हो पाता है। जिसके आलोक में बैठक में उपस्थित जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम को निर्देश दिया गया कि एकरारनामा के अनुसार सभी गोदामों पर डी0एस0डी0 का वाहन उपलब्ध कराते हुए रोस्टर के अनुसार खाद्यान्न की आपूर्ति ससमय कराना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करने हेतु आवश्यक कार्य करना सुनिश्चित करेंगे।
आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु सभी जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं से सहयोग लेकर सभी पंचायतों एवं नगर परिषद के वार्डों में दिनांक 18 जुलाई 2024 से कैम्प लगाकर कार्य करने का निर्देश दिया गया। इसके लिए डी0पी0सी0 आयुष्मान भारत (स्वास्थ्य विभाग) एवं वसुधा केन्द्र के जिला समन्वयक के साथ ही आपूर्ति विभाग के पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
प्रखंड स्तर पर इस कार्य के लिए प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है एवं जो पंचायतों एवं नगर परिषद के वार्डों में स्थापित कैम्प का भ्रमण कर उसका पर्यवेक्षण करेंगे। अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमराँव को अपने स्तर से इस कार्य की दैनिक समीक्षा करने का निर्देश दिया गया।

