वैशाली/बिहार 19 दिसंबर।मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के जिलाध्यक्षों के साथ अपने कार्यालय कक्ष में बैठक कर 27 अक्टूबर से 09 दिसम्बर तक किये गये मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यों की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी यशपाल मीणा ने बताया कि आगामी लोकसभा निर्वाचन में जिला में 28452 युवा नये मतदाता बनेंगे जो पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि 27 अक्टूबर 2023 को प्रकाशित प्रारूप के अनुसार जिला में कुल 3552 युवा मतदाता पंजीकृत थे। पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान चलाये गये अभियान ‘पंख’ का प्रभाव रहा है कि इस अवधि में 24900 और युवा मतदाता पंजीकृत हुए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि पुनरीक्षण कार्य अवधि में मतदाता सूची लिंगानुपात में 31 अंक की वृद्धि दर्ज की गयी है। उन्होंने बताया कि 27 अक्टूबर 2023 को प्रकाशित प्रारूप के अनुसार मतदाता सूची का लिंगनुपात 878 था। इसको बढ़ाने के लिए अभियान ‘अस्मिता’ चलाया गया। सभी बीएओ को टास्क दिया गया। इसका सकारात्मक परिणाम मिला और वैशाली जिला में मतदाता सूची लिंगानुपात वर्तमान में 909 हो चुका है। बैठक में उपस्थित राजनैतिक दलों के अध्यक्षों ने जिला प्रशासन के इस कार्य एवं उपलब्धि की प्रशंसा की।
जिलाधिकारी के द्वारा बताया गया कि 27 अक्टूबर से लेकर 18 दिसम्बर तक 68601 आवेदन प्रपत्र-06 में नाम जोड़ने के लिए प्राप्त हुए हैं जिसमें 60857 नाम मतदाता सूची में जोड़ दिया गया है। 3276 आवेदन अभी लम्बित है जो समय सीमा के भीतर है जबकि 3908 आवेदनों को अस्वीकृत किया गया है।
प्रपत्र 07 जो नाम विलोपन से संबंधित है, के बारे में बताया गया कि इसका कुल 27503 आवेदन प्राप्त हुआ है जिसमें 10441 आवेदनों का जाँचोपरान्त निष्पादन किया गया है और शेष की जाँच की जा रही है। नाम या अन्य प्रविष्टियों में त्रुटिसुधार के लिए इस अवधि में 15735 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिसमें 7367 का निष्पादन किया गया है और शेष की जाँच की जा रही है।
जिलाधिकारी ने राजनैतिक दलों के जिलाध्यक्षों को बताया कि वर्तमान में सॉफ्टवेयर द्वारा चिन्हित एक समान फोटो, नाम सहित अन्य एक समान प्रविष्टियों में त्रुटि को दूर करने के लिए सभी संबंधित निर्वाचकों को निर्धारित फार्मेट में नोटिस भेजा गया है और अभियान चलाकर बीएलओ के द्वारा सत्यापन का कार्य कराया जा रहा है। इसके लिए पिछले दो दिनों से प्रखंड मुख्यालयों में कैम्प कराया जा रहा है। यह कार्य निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, प्रखंड के वरीय पदाधिकारी एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों के अनुश्रवण में किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस कार्य में बीएलए (मतदान केन्द्र स्तरीय अभिकर्ता) का सहयोग भी अपेक्षित है। जिलाधिकारी के द्वारा राजनैतिक दलों के जिलाध्यक्षों से जिला के सभी 2559 मतदान केन्द्रों के लिए बीएलए की नियुक्ति की बात कहीं गयी। बैठक में बताया गया कि भारतीय जनता पार्टी के द्वारा 1884, राष्ट्रीय जनता दल के द्वारा 1866, जनतादल यूनाइटेड के द्वारा 1420 एवं लोकजन शक्ति पार्टी के द्वारा 1497 बीएलए की नियुक्ति की गयी हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि आम जनों को ईभीएम की ट्रेनिंग/जानकारी देने के लिए वैशाली जिलान्तर्गत ईभीएम-वीवीपैट जागरूकता अभियान के तहत अनुमंडल कार्यालय महुआ, महनार एवं हाजीपुर के परिसर में ईभीएम डिमोंस्ट्रेशन सेन्टर शीघ्र स्थापित किया जायेगा। आज जिलाधिकारी के द्वारा राजनितिक दल के प्रतिनिधियों के साथ हाजीपुर के हरिवंशपुर स्थित ईभीएम वीवीपैट वेयर हाऊस का निरीक्षण किया गया और वहाँ सभी सुरक्षा मानकों का जायजा लिया गया।
बैठक में जिलाधिकारी के साथ वैधनाथ सिंह चन्द्रवंशी, जिला अध्यक्ष राजद, डॉ० प्रेम सिंह कुशवाहा, जिलाध्यक्ष भाजपा, राजेन्द्र पटेल, जिलाध्यक्ष सीपीआई (एम) चन्दन कुमार राय, काँग्रेस पार्टी राम इकबाल सिंह, लोजपा मो० वाईजुल हक, आरएलजेपी एवं सुनिल कुमार ठाकुर उपस्थित थे।
previous post
