लोहरदगा/झारखंड 15 नवंबर।भगवान बिरसा मुण्डा जयंती-सह-राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आज दिनांक 15.11.2023 को विकास मेला-सह-सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मेला का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में डॉ रामेश्वर उराँव, माननीय मंत्री, योजना-सह-वित्त विभाग, वाणिज्यकर विभाग एवं खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग, झारखण्ड सरकार, रांची और राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू द्वारा दीप प्रज्जवलित कर किया गया। इससे पूर्व अतिथियों द्वारा भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण किया गया।
इस मौके पर मंत्री ने कहा कि झारखण्ड निर्माण के लिए कई आंदोलन चले। शुरूआत हुई तो नेता जयपाल सिंह जी थे, बाद में दूसरे नेता थे। फिर पदार्पण हुआ गुरूजी शिबू सोरेन जी का। बिनोद बिहारी महतो, एके राय जी का आंदोलन में योगदान रहा। 80 के दशक में आंदोलन अपने चरम पर था। आंदोलन का कारण था कि झारखण्ड का क्षेत्र खनिज संपदा से भरा हुआ हरा-भरा जंगल वाला क्षेत्र था। इससे काफी आय होती थी लेकिन सारा पैसा बिहार के क्षेत्र में खर्च हुआ करता था। आंकड़े बताते हैं कि अगर 1 रूपया आता था तो बारह आना झारखण्ड इलाके का था और चार आना बिहार के क्षेत्र का था। जब खर्च होता था तो चार आना खर्च झारखण्ड के क्षेत्र के लिए था और बारह आना बिहार के क्षेत्र के लिए। तब मांग होती थी कि झारखण्ड से होनेवाली आय का पूरा खर्च झारखण्ड में होगा। उसके बाद राज्य अलग हुआ और झारखण्ड बना। अब राज्य का पूरा राजस्व राज्य पर ही खर्च होता है। सरकार पिछड़ापन दूर करने के लिए और गरीबी उन्मूलन पर सारा खर्च करती है।
15 नवंबर 2000 में जब झारखण्ड बना, तब से अब तक राज्य का विकास कई चरणों में हुआ। शुरूआत में सड़के नहीं थीं। बिजली की स्थिति बहुत खराब थी, शिक्षा की स्थिति लचर थी। स्कूलों की संख्या कम थी, आधारभूत संरचना ठीक नहीं थी, शिक्षकों की कमी थी, अस्पताल बहुत कम थे, डॉक्टर नहीं थे। अस्पतालों में दवाईयां नहीं थीं। आज स्थिति बेहतर हो गई है। राज्य का विकास हुआ है। अभी हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। कोरोना में विकास की गति धीमी रही लेकिन अब तेजी से हम आगे बढ़े हैं।
राज्यावासियों के हरा राशन कार्ड शुरू किया गया है। लगभग 64 लाख से ज्यादा राशनकार्डधारी हैं। सभी कार्डधाारियों को धोती-साड़ी योजना का लाभ मिल रहा है। सर्वजन पेंशन योजना का अनुसरण दूसरे राज्य भी कर रहे हैं। जो व्यक्ति अभी वंचित हैं उनके लिए दिनांक 24.11.2023 से प्रारंभ हो रहे आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम में पंचायतवार शिविर लगाया जाएगा जो दिसंबर माह में भी चलेगा। इन शिविरों में परिसंपत्तियों का वितरण किया जाएगा।
सरकार अब लोगों को राशनकार्डधारियों को दाल भी देगी। आज से यह शुरू हो रहा है जो आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
लोगों के जीवन को बदल देगी आनेवाली दो योजनाएं।
मुख्य अतिथि ने कहा कि राज्य सरकार अगले तीन वर्षों में अबुआ आवास योजना अंतर्गत 8 लाख आवास बनवाएगी। प्रत्येक आवास में दो लाख रूपए खर्च होंगे। तीन कमरे होंगे। जिनका कच्चा मकान होगा उनका पक्का मकान बनवाया जाएगा। इसका फायदा आम लोगों को मिलेगा।
दूसरी योजना अंतर्गत सरकार सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना अंतर्गत वाहन चलवाएगी। इससे यातायात की सुविधा सुगम होगी।
*गांव का होगा विकास*
राज्य सरकार आनेवाले समय में सभी गांवों में अखड़ा का निर्माण कराएगी। साथ ही, वाद्य यंत्रों का वितरण होगा। लोहरदगा जिला में 300 मांदर और नगड़ा बांटा गया है। 62 अखड़ा में सोलर लाईट लगाया जा रहा है जिसकी संख्या और बढ़ेगी। लोहरदगा जिला को मॉडल जिला बनाया जाएगा।
*वनाधिकार अधिनियम*
आज भी वन क्षेत्र में रहनेवाले लोग जिनको अभी भी अधिकार नहीं मिला है वैसे लोगों के लिए सरकार प्रयास कर रही है। वनाधिकार अधिनियम 2006 में बना लेकिन अभी भी कई लोगों को अधिकार नहीं मिला है। जमीन व्यक्ति की पहचान होती है। इसमें तेजी लाने की जरूरत है।
सरकार पिछड़ापन और गरीबी को दूर करने के लिए प्रयासरत है।
राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि झारखण्ड राज्य बहुत मुश्किल से मिला है। पहले एकीकृत बिहार हुआ करता था तो बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ता था। जो विकास होना चाहिए था वैसे नहीं हुआ था। राज्य बनने के बाद यहां विकास हुआ। अभी भी राज्य विकास कर रहा है। यह राज्य खनिज संपदा से भरा हुआ है। वर्तमान सरकार अभी अपनेवादे पूरा कर रही है। जो वादा पूरा नहीं हुआ है वह भी पूरा होगा। सभी लोग मिल जुल कर खेल हो या पढ़ाई हो या कोई भी क्षेत्र हो उस क्षेत्र में बेहतर करने का कार्य करेंगे। बीएस कॉलेज परिसर में क्रिकेट स्टेडियम बन कर तैयार है जिसमें जल्द ही क्रिकेट प्रतियोगिता करायी जाएगी। यहां के बच्चों में प्रतिभा है, उनका विकास करने के लिए हम पूरी तरह समर्पित रहेंगे।
उपायुक्त डॉ वाघमारे प्रसाद कृष्ण ने कहा कि झारखण्ड में बिरसा मुण्डा को भगवान का दर्जा प्राप्त है। वे स्वतंत्रता सेनानियों के जननायक रहे।उन्हें धरती आबा से पुकारा जाता है। आज उनके जन्म दिवस को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। आज कुल 8.5 करोड़ रूपये की परिसंपत्ती का वितरण किया जा रहा है जिनमें पशुपालन, कृषि, कल्याण विभाग, जिला उद्योग केंद्र, मनरेगा, जेएसएलपीएस, भूमि संरक्षण विभाग, समाज कल्याण आदि विभाग प्रमुखता से सम्मिलित है। कुल 40 स्टॉल लगाये गये हैं। इस कार्यक्रम का पूरा लाभ उठाएं। आज दो महत्वकांक्षी योजनाओं का शुरूआत किया गया है जिनमें गुरूजी क्रेडिट कार्ड योजना और अबुआ आवास योजना। जो उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहते है लेकिन वित्तीय अभाव है तो उनके लिए आसान ऋण के रूप में गुरूजी क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ दिया जा रहा है। 1 रूपये में राशन कार्डधारियों को दाल दिया जा रहा है। आनेवाले 24 नवंबर से 29 दिसंबर तक आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम संचालित होगा। वनाधिकार अधिनियम से लाभुकों को आच्छादित करने के लिए ग्राम सभाओं में आवेदन सृजित किये जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमाँ ने कहा कि यहां के युवाओं में प्रतिभा है। वे निरंतर विभिन्न क्षेत्र में अपना बेहतर प्रयास कर रहे हैं। इस जिला में सुरक्षा की स्थिति बेहतर हुई है। इस क्षेत्र में पहले नक्सलवाद बाधक थी जो अब समाप्त होने को है। सुरक्षा से संबंधित कहीं कोई समस्या है तो वहां लोहरदगा जिला पुलिस आपके साथ हमेशा खड़ी है।
*8.57 करोड़ की परिसंपत्तियों का किया गया वितरण*
आज के कार्यक्रम में माननीय मंत्री व अतिथियों द्वारा 8.57 करोड़ रूपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया जिसमें पशुपालन विभाग अंतर्गत बकरा विकास योजना, सूकर विकास योजना, बत्तख विकास योजना, कृषि विभाग अंतर्गत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, बिरसा फसल विस्तार योजना, बीज विनिमय एवं वितरण कार्यक्रम, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत ट्राई साईकिल वितरण, जेएसएलपीएस अंतर्गत एनआरएलएम परियोजना में 5 करोड़ का क्रेडिट लिंकेज, एनआईटीपी अंतर्गत 56 लाख का क्रेडिट लिंकेज, जिला उद्योग केंद्र अंतर्गत सात लाभुकों के बीच 78.85 लाख, पीएफएमई अंतर्गत चार लाभुकों के बीच 23.29 लाख, मनरेगा अंतर्गत 37 लाभुकों के बीच 151.64 लाख रूपये का स्वीकृति पत्र के अतिरिक्त जिला आपूर्ति कार्यालय, जिला समाज कल्याण, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण आदि विभागों की योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
*स्टॉल का भ्रमण*
आज के कार्यक्रम में कुल 40 स्टॉल लगाये गये थे जिसका निरीक्षण आज उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
*सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन*
आज के कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों और विभिन्न ग्रुप द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। इनमें जीत ग्रुप, एमबीडीएवी विद्यालय की टीम, केजीवीभी कुजरा, उर्सुलाईन बालिका उ0 वि0, केंद्रीय विद्यालय, चुन्नी लाल उच्च विद्यालय, लिवेंस एकेडमी, एमएमए महिला कॉलेज, नदिया हिंदू सी एम स्कूल ऑफ एक्सलैंस, मंजूरमती उच्च विद्यालय, संत अन्ना बालिका उच्च विद्यालय, कस्तूरबा गांधी सीएम एसओई लोहरदगा आदि शामिल हैं।
आज के कार्यक्रम में वन प्रमण्डल पदाधिकारी अरविंद कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष रीना कुमारी, उप विकास आयुक्त जय ज्योति सामंता, विधायक प्रतिनिधि नीशीथ जायसवाल, रोहित उराँव, अन्य गणमान्यगण और जिला स्तरीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में आम जन उपस्थित थे।



