पिथौरागढ़/उत्तराखंड 21 सितंबर। शासन के निर्देशों क्रम में मेरी माटी मेरा देश अभियान के अंतर्गत अमृत कलश यात्रा आयोजन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी वरुण चौधरी द्वारा खंड विकास अधिकारियों, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों, शिक्षा विभाग व युवा कल्याण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विकास भवन सभागार में एक आवश्यक बैठक ली गयी तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये!
मुख्य विकास अधिकारी ने खंड विकास अधिकारियों एवं नगर निकायों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि मेरी माटी मेरा देश अभियान के अंतर्गत अमृत कलश यात्रा के तहत आगामी 30 सितंबर तक जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत एवं नगर निकायो में वार्ड स्तर पर प्रत्येक घर से मिट्टी और चावल एकत्रित कर इन कार्यों की रिपोर्ट जिला मुख्यालय स्तर पर प्रस्तुत की जाय! मिट्टी और चावल एकत्रीकरण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जन समूह को पंचप्रण की शपथ भी दिलाई जाय! मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि आगामी 1 अक्टूबर से 13 अक्टूबर के मध्य विकासखंड व नगर निकाय स्तर पर एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित करते हुए ग्राम पंचायतों व वार्डों से एकत्रित की गई मिट्टी और चावलों को एक बड़े कलश में मिलाया जाना है तथा तथा वीरों का सम्मान भी किया जाना है इसलिए आगामी 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर विकास खंड व नगर निकाय स्तर पर एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित करते हुए ग्राम पंचायत व वार्डो से एकत्रित मिट्टी और चावलों को एक बड़े कलश में मिलाया जाय तथा वीरों का सम्मान कार्यक्रम भी आयोजित किया जाय! उन्होंने निर्देश दिये कि इन महत्वपूर्ण अवसरों पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों व महिलाओं की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाय!
बता दें कि शासन द्वारा निर्धारित समय सारणी के अनुसार विकासखंड व नगर निकाय स्तर पर बड़े आयोजनों में मिट्टी और चावल एकत्रीकरण एवं वीरों का सम्मान कार्यक्रम के बाद मिट्टी और चावल मिले अमृत कलशों को विकास खण्डों और नगर निकायों से प्रदेश की राजधानी में पहुंचाया जायेगा! प्रदेश की राजधानी में भी आगामी 22 से 27 अक्टूबर तक भव्य कार्यक्रम का आयोजन कर इन मिट्टी और चावल मिले अमृत कलशों को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम हेतु रवाना किया जायेगा! नई दिल्ली में भी आगामी 28 से 30 अक्टूबर तक कलश यात्रा एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित होंगे! देश के विभिन्न राज्यों से एकत्रित मिट्टी व चावलों से नई दिल्ली स्थित कर्तव्य पथ पर वीरों के सम्मान में अमृत वाटिका का निर्माण व शहीद स्मारक की स्थापना की जायेगी!
बैठक में जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका पिथौरागढ़ राजदेव जायसी, मुख्य शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार जुकरिया, जिला युवा कल्याण अधिकारी डीएन द्विवेदी आदि उपस्थित थे तथा अन्य संबंधित अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित थे।
next post
