रोहतास/ बिहार 18 जुलाई।बिहार के लिए आज बेहद गौरव का दिन रहा जब नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित एक शानदार समारोह में महामहिम राष्ट्रपति महोदया द्वारा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अधिकारियों को भूमि सम्मान से सम्मानित किया गया। इस सम्मान को विभाग के अपर मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा, निदेशक भू अभिलेख एवं परिमाप सह सचिव जय सिंह और आईटी प्रबंधक आनंद शंकर ने प्राप्त किया।
इसके अलावा इस पुरस्कार के लिए 9 राज्यों के 68 जिलों का चयन किया गया था। इसमें बिहार के 5 जिले शामिल हैं।
रोहतास जिले नोखा के रहने वाले आनंद शंकर विगत 12 साल से राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार में आईटी प्रबंधक के पद पर कार्यरत है। वे भी भूमि संसाधन विभाग, भारत सरकार द्वारा आयोजित भूमि सम्मान कार्यक्रम अंतर्गत बिहार राज्य को मिलने वाले अवार्ड को प्राप्त करने वाले पदाधिकारियों के टीम में शामिल हैं। यह अवार्ड विभाग को आईटी के क्षेत्र में किये गए बेहतरीन कार्यों के लिए मिला है।
इस मौके पर अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने बताया कि खानदानी संपति का बंटवारा आपसी सहमति से घर में आसानी से हो जाता है किंतु काफी अधिक पैसा लगने की वजह से आमलोग इसे निबंधित नहीं करा पाते हैं। उल्लेखनीय है कि बिहार में काफी पहले ही बंटवारे को निबंधित करने की व्यवस्था लागू है और इसके लिए मात्र 100 रुपये का शुल्क देना पड़ता है। इसमें 50 रुपया का स्टाम्प ड्यूटी और 50 का registration fee लगता है। एक पारदर्शी भू प्रबंधन प्रणाली विकसित करने के इस काम का कार्यान्वयन भू अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय द्वारा कराया जा रहा है। निदेशालय से इस कार्यक्रम में प्रशाखा पदाधिकारी अंबु नाथ वर्मा, सहायक विजय साम्राज्य, संतोष कुमार और सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी प्रवीण कुमार और सुधीर ओंकारा ने हिस्सा लिया।

