वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना, फूलो झानो आशीर्वाद योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना समेत सभी अन्य क्रियान्वित योजनाओं की हुई समीक्षा।
सभी निरस्त आवेदनों की गहन समीक्षा कर सभी लंबित आवेदनों को ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त के निर्देश पर आज प्रखण्ड क्षेत्र में कुल 5 चापानलों का किया गया मरम्मती कार्य।
कार्यों के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नही की जायेगी!एक सप्ताह में प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचलाधिकारी कुंदा प्रखंड मुख्यालय में नियमित रूप से निवास कर विकास कार्यों में लाएं गति: उपायुक्त अबु इमरान
चतरा/ झारखंड 03 जुलाई।उपायुक्त अबु इमरान ने प्रखण्ड सह अंचल कार्यालय कुन्दा पहुंच प्रखण्ड समन्वय समिति की बैठक किया। बैठक में मुख्य रूप से प्रखण्ड क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्य, लाभुकों को मिलने वाले योजनाओं का लाभ, मनरेगा के तहत संचालित कार्य समेत अन्य योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
बैठक में उपायुक्त ने सर्वप्रथम कार्यालय के सभी कर्मियों एवं पदाधिकारियों की जानकारी लेते हुए प्रखण्ड सह अंचल भवन की स्थिति की विस्तृत जानकारी, मनरेगा के तहत चल रहे कार्य व लंबित कार्यों की जानकारी समेत आवास की प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय किस्त की राशि की जानकारी लिया। उन्होंने कहा कि वैसे आवास जो लंबित है और अभी तक पूर्ण नहीं हो पाया है उसे जल्द से जल्द पूर्ण करायें और वैसे मामले जिसपर जानबुझ कर लापरवाही बरती जा रही है वैसे मामलों को संज्ञान में लेते हुए संलिप्त के उपर नियमानुसार कार्रवाई की जाय।
जलजीवन मिशन के तहत किये गए कार्यों की जानकारी लेते हुए उपायुक्त ने क्षेत्र में चापानलों को क्रियाशील अवस्था मे रखने का निर्देश दिया तथा मरम्मती हेतु पाइप की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए सभी खराब पड़े चापानलों को शीघ्र क्रियाशील अवस्था मे लाने का निर्देश दिया। स्वच्छ भारत मिशन के तहत किये गए कार्यों व लाभुकों की संख्या की जानकारी लेते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि योग्य लाभुकों को यथाशीघ्र लाभ पहुँचाया जाए तथा क्षेत्र के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ियों में शत प्रतिशत कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
पशुपालन विभाग अन्तर्गत मुख्यमंत्री पशुधन योजना के अंतर्गत किये गए पशु वितरण उनके टीकाकरण और उनके बीमा के तहत किये गए कार्यों की जानकारी लेते हुए कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत लक्ष्य को शत प्रतिशत पूर्ण करने का निर्देश दिया। पेंशन योजना अंतर्गत लाभुकों की संख्या की जानकारी लेते हुए सभी योग्य लाभुकों को ससमय लाभ देने का निर्देश दिया। क्षेत्र के पंचायत भवनों में बिजली, पेयजल व्यवस्था व इंटरनेट सुविधा की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि सभी पंचायत भवन में जेनेरेटर व्यवस्था को क्रियाशील अवस्था मे करने का निर्देश दिया। साथ ही निर्देश दिया कि सभी पंचायत भवनों की विधि व्यवस्था को दुरुस्त करते हुए उसे सुचारू अवस्था मे रखने का निर्देश दिया जिससे कि जनता के कार्यों का निष्पादन ससमय किया जाए।
अंचल की समीक्षा के दौरान सभी निरस्त आवेदनों के कारण की जानकारी लेते हुए उनकी गहन समीक्षा की गई। समीक्षा के उपरांत उपायुक्त ने निर्देशित किया कि किसी भी परिस्थति में 90 दिनों से ज्यादा म्यूटेशन का कार्य लंबित न रहें इसका विशेष ध्यान रखा जाए। इसके उपरांत परिशोधन पोर्टल, कुन्दा के राजस्व संग्रहण एवं जीएम लैंड सर्वें की भी समीक्षा की गई। कुन्दा प्रखण्ड क्षेत्र में डीएमएफटी मद एवं 15वें वित्त अन्तर्गत क्रियान्वित योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया गया लंबित येाजनाओं को समय सीमा के अंदर पूर्ण करें।
जनता दरबार।
उक्त मौके पर प्रखण्ड कार्यालय में उपस्थित ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। समस्याओं में मुख्य रूप से राशन कार्ड सम्बंधित, मालगुज़ारी रसीद, ट्रांसफार्मर मरम्मत इत्यादि शामिल थे। उपायुक्त ने सभी अवेदनों को संज्ञान में लेते हुए संबंधित पदाधिकारी को त्वरित गति से मामलों का नियमानुसार निष्पादन करने का निर्देश दिया।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि कुंदा प्रखंड मुख्यालय में नियमित रूप से निवास करें जिससे कि विकास कार्यों में गति प्राप्त हो सके। उन्होंने अनुपस्थित पंचायत सचिव तथा अन्य प्रखंड स्तरीय कर्मियों पर कारण परीक्षा करते हुए नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया। 2016 से 2023 तक बड़े पैमाने पर अस्वीकृत नामांतरण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि उचित प्रक्रिया के साथ नामांतरण वाद की सुनवाई करते हुए सभी आवेदनों को स्वीकृत अथवा अस्वीकृत करने का निर्देश दिया। पंचायत स्तरीय 15वें वित्त आयोग की योजनाओं में खर्च कम होने पर चिंता जताते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि 15वें वित्त आयोग अंतर्गत पंचायत स्तरीय योजनाओं तथा पंचायत समिति की योजनाओं में खर्च बढ़ाने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने उक्त मौके पर कहा कि नरेगा अंतर्गत प्रत्येक गांव में कम से कम 5 योजनाएं संचालित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारी राशि प्राप्त होने के उपरांत जानबूझकर प्रधानमंत्री आवास योजनाओं को लंबित रखने वाले लाभुकों के ऊपर नियमानुसार कार्रवाई करें।*
बैठक के उपरांत अमृत सरोवर योजना के तहत बौधाडीह पंचायत में तालाब निर्माण के किये जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने सर्वप्रथम बनाशाम ग्राम के आहार टांड़ में निर्माण कार्य का निरीक्षण किया तथा उसके उपरांत बेसरा ग्राम में चल रहे निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया।
उक्त बैठक व निरीक्षण के क्रम में अपर समाहर्ता पवन कुमार मंडल, डीआरडीए निदेशक अरुण कुमार एक्का, भू अर्जन पदाधिकारी गोरांग महतो, प्रखंड विकास पदाधिकारी खगेश कुमार, बीपीओ, पंचायत सेवक,रोजगार सेवक समेत अन्य सभी संबंधित उपस्थित थे।


