
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)07 जून।भोजपुर जिले में आम तोड़ने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बदमाशों ने एक ट्रैक्टर चालक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक का इलाज सदर अस्पताल आरा में चल रहा है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, आम तोड़ने को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ लोगों ने ट्रैक्टर चालक को घेर लिया और उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना चरपोखरी थाना अंतर्गत डुमरिया गांव वार्ड नंबर 1 के निवासी 17 वर्षीय चंदन कुमार ट्रैक्टर चालक के साथ घटी है। गर्दन और हाथ पर वार किया गया है।बताया जा रहा है कि घायल युवक की शादी करीब एक महीने पहले ही हुई थी। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। नवविवाहिता पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। प्रारंभिक जांच में घटना का कारण आम तोड़ने को लेकर उत्पन्न विवाद बताया जा रहा है।घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, जबकि स्थानीय लोग आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
