गाँव की खूबसूरती को बनाए रखने में जल संचयन का है अहम योगदान:उपायुक्त

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जल के महत्व से ग्रामीणों को कराया गया अवगत।

जल अर्पण दिवस के अवसर पर उपायुक्त ने सभी को दिलाया जनसंकल्प।

उपायुक्त ने जल संरक्षण और स्वच्छ पेयजल की दिशा में कार्य करने वाले मुखिया, वार्ड सदस्य व जलसहिया को किया सम्मानित।

जल मीनार की सफलता के लिए स्थानीय समुदाय कक सहभागिता और समिति की सक्रियता है आवश्यक:उपायुक्त

जल महोत्सव पखवाड़ा के तहत जिले में 08 से 22 मार्च तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
RKTV NEWS/देवघर ( झारखंड)18 मार्च।जल महोत्सव के तहत आज मोहनपुर प्रखंड अंतर्गत ग्राम पदमनरायकुरैवा में आयोजित जल अर्पण दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा ने किया। साथ ही कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने ग्रामीणों को “जल संकल्प” दिलाया कि अपनी पेयजलापूर्ति योजना को अपनी संपत्ति मानकर उसकी देखभाल करेंगे, जल का विवेकपूर्ण उपयोग करेंगे, व्यवस्था को स्वच्छ, सुचारू एवं प्रभावी रूप से संचालित करेंगे तथा प्रत्येक परिवार को प्रतिदिन सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।
इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने सभी को संबोधित करते हुए कहा की जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन की बात करते हुए कहा कि जल की हर बूंद की महत्ता हैं। आगे उपायुक्त ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि एक जन-आंदोलन बनना चाहिए। आप सभी ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से ही जल स्तर को सुधारा जा सकता है। साथ ही उन्होंने गांव के पुराने तालाबों और कुओं की साफ-सफाई व गहरीकरण पर जोर दिया, ताकि भविष्य में जल संकट से बचा जा सके। इसके अलावा उपायुक्त ने कहा कि अभियान का मुख्य लक्ष्य सुरक्षित पेयजल की महत्ता को समझाना, जल संरक्षण की तकनीकों को बढ़ावा देना और जल प्रबंधन के प्रति सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित करना हैं।
साथ ही उपायुक्त ने सुरक्षित पेयजल की महत्ता और जल प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने की बात कही। आगे उन्होंने विशेष रूप से गांव की जल मीनारों के नियमित रख-रखाव और देखरेख पर चर्चा की, ताकि प्रत्येक घर तक शुद्ध पानी की निरंतर आपूर्ति बिना किसी बाधा के सुनिश्चित हो सके। साथ ही उपायुक्त ने सभी उपस्थित ग्रामीणों और प्रतिनिधियों से अपील की कि वे जल प्रबंधन के प्रति सजग बनें और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संचय के इस अभियान में अपना पूर्ण योगदान दें।
जल अर्पण दिवस कार्यक्रम के अवसर पर संबंधित पंचयात के मुखिया, जिला परिषद सदस्य, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, मोहनपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने अपने संबोधन में जल के महत्व और जल संरक्षण से जुड़ी जानकारी से सभी को अवगत कराया। वही कार्यक्रम के दौरान पेयजल संरक्षण की दिशा में बेहतर कार्य करने वाले पंचयात के मुखिया अजय कुमार दास, वार्ड सदस्य रंजीत कुमार जलसहिया दीदी चंद्रकला देवी को सम्मानित किया गया। इस दौरान उपरोक्त के अलावा मुखिया, प्रमुख, जिला परिषद सदस्य, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल देवघर व मधुपुर के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहनपुर, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला समन्वयक, मास्टर जलसहिया, जलसहिया, संबंधित विभाग के कर्मी आदि उपस्थित थे।

