कैंपसों में जातीय भेदभाव के खिलाफ आरवाईए का प्रतिवाद मार्च।

युवाओं ने कहा— रोहित एक्ट के तर्ज पर UGC इक्विटी रेगुलेशंस को सख्ती से लागू करो।
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)31 जनवरी।आज इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) ने कैंपसों में जातीय भेदभाव के खिलाफ अखिल भारतीय प्रतिवाद दिवस के आह्वान के तहत आरा में एक जोरदार प्रतिवाद मार्च निकाला। यह मार्च माले जिला कार्यालय, श्रीटोला से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए आरा स्टेशन परिसर पहुँचा, जहाँ यह नुक्कड़ सभा में तब्दील हो गया।
इस प्रतिवाद मार्च में सैकड़ों नौजवान शामिल हुए, जिन्होंने आक्रोशपूर्ण नारों के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद की। मार्च के दौरान “यूजीसी इक्विटी रेगुलेशंस, 2026 लागू करो”, “कैंपसों में जातीय भेदभाव के खिलाफ एकजुट हो”, “अत्याचार कोई अधिकार नहीं है”, “समानता की मांग करना प्रतिशोध नहीं है” जैसे नारे लगाए गए।
सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने 13 जनवरी 2026 को UGC इक्विटी रेगुलेशंस, 2026 लागू किए हैं, जिनका उद्देश्य विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षा संस्थानों (HEIs) में धर्म, नस्ल, लिंग, जन्म स्थान, जाति या दिव्यांगता के आधार पर होने वाले भेदभाव को समाप्त करना तथा समानता और समावेशन को बढ़ावा देना है।
नेताओं ने आगे कहा कि 2026 के ये विनियम एक महत्वपूर्ण और स्वागतयोग्य कदम हैं, क्योंकि इनमें दलित और आदिवासी छात्रों के साथ-साथ अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) को भी समानता संरक्षण के दायरे में शामिल किया गया है। ये विनियम पूर्ववर्ती इक्वल ऑपर्च्युनिटी सेल्स की तुलना में इक्वल ऑपर्च्युनिटी सेंटर्स (EOaCs) के दायरे को काफी विस्तृत करते हैं, जो पहले मुख्यतः सलाहकारी और निगरानी निकायों तक सीमित थे।
उन्होंने बताया कि एक अन्य महत्वपूर्ण संरचनात्मक परिवर्तन के रूप में भेदभाव संबंधी शिकायतों की जाँच के लिए इक्विटी कमेटी, साथ ही 24×7 इक्विटी हेल्पलाइन, इक्विटी स्क्वाड और इक्विटी एंबेसडर की व्यवस्था की गई है।
नेताओं ने आरोप लगाया कि इन प्रगतिशील प्रावधानों को साजिशन तरीके से कमजोर या रोकने की कोशिश की जा रही है। इसके खिलाफ आरवाईए देशभर के युवाओं और प्रगतिशील समुदायों से आह्वान करती है कि राष्ट्रीय स्तर पर रोहित वेमुला एक्ट के लिए आंदोलन को और तेज किया जाए। साथ ही सभी लोकतांत्रिक शक्तियाँ सतर्क रहें, ताकि सामंती और ब्राह्मणवादी वर्चस्व का प्रतिनिधित्व करने वाले समूहों के दबाव में ये दिशानिर्देश कमजोर न होने पाएँ।
आज के इस कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष निरंजन केसरी ,विशाल कुमार,हरिनारायण कुमार ,अखिलेश गुप्ता ,राजू राम ,धीरेंद्र आर्यन, अप्पू,पंकज कुशवाहा,श्रीराम,रितेश परमात्मा, सुधीर पंडित ,अजय कुशवाहा ,भोलू पासवान, रितेश पासवान, राहुल कुमार कयामुद्दीन अंसारी ,अमित कुमार बंटी,रणधीर कुमार सहित सैकड़ों नौजवान उपस्थित थे।

