
जबलपुर/मध्यप्रदेश ( मनोज कुमार प्रसाद) 29 जनवरी। मध्यप्रदेश जनता दल (यू) के महान श्रमिक नेता, समाजवादी विचारधारा के प्रखर योद्धा एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पद्म भूषण स्वर्गीय जॉर्ज फर्नांडीज की पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
पार्टी विज्ञप्ति के अनुसार जनता दल (यू) मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष सूरज जायसवाल ने कहा कि जॉर्ज फर्नांडीज जी की पुण्यतिथि हमें यह स्मरण कराती है कि दलित, शोषित, वंचित एवं श्रमिक वर्ग को सशक्त बनाने के लिए निरंतर संघर्ष करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री के रूप में जॉर्ज फर्नांडीज जी ने अनेक जनहितकारी योजनाओं को लागू कराया। विशेष रूप से भारतीय रेल को नई दिशा देने में उनका योगदान ऐतिहासिक रहा।
श्री जायसवाल ने आगे कहा कि रक्षा मंत्री एवं उद्योग मंत्री रहते हुए जॉर्ज फर्नांडीज जी ने देशहित में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए। उद्योग मंत्री के रूप में शेयर बाजार को संतुलित करने तथा उसके डिजिटलीकरण का श्रेय भी उन्हें जाता है। भारत की अब तक की सबसे बड़ी रेल हड़ताल का नेतृत्व कर उन्होंने श्रमिकों की आवाज को बुलंद किया, जो उनके साहसिक नेतृत्व का प्रतीक है।
इस अवसर पर विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव एडवोकेट आर. जी. वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि एनडीए के संयोजक के रूप में जॉर्ज फर्नांडीज जी ने गठबंधन को नई दिशा और दशा दी। वे सच्चे अर्थों में आजीवन श्रमिक हितों के लिए संघर्ष करने वाले नेता थे।
कार्यक्रम में उदय पाटील ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर जद (यू) जिला अध्यक्ष सुभाष जायसवाल, इमाम खान, मुस्ताक अली, कंचन चौधरी, नितेश सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
