
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 21 जनवरी। भोजपुर जिला के शाहपुर स्थित हरि नारायण प्लस टू विद्यालय मे जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (सर्व शिक्षा अभियान), भोजपुर के निर्देशानुसार प्रखंड स्तर पर वर्ग 6 से 8 तक के बच्चों के लिए प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग मेला का आयोजन किया गया। मेला की अध्यक्षता हरि नारायण + 2 उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक विष्णु शंकर सिंह तथा संचालक सुशील विक्रांत ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीडीओ राजेंद्र कुमार ओझा ने प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (पीबीएल) मेला के संबंध मे जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि पीबीएल से नवीन और प्रयोगात्मक कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उत्कृष्ट कार्य की सराहना की और उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामना दी। इस अवसर पर विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग व्यवस्था मे गणित मे प्रथम पुरस्कार इंदिरा आवास मध्य विद्यालय, बिलौटी को मिला, जिसका विषय वस्तु था “मेरे विद्यालय का बगीचा”। द्वितीय पुरस्कार मध्य विद्यालय, सहजौली (विषय वस्तु बीजीय व्यंजक) तथा तृतीय पुरस्कार मध्य विद्यालय, शाहपुर (विषय वस्तु मेरे विद्यालय मे झंडोत्तोलन) को मिला। विज्ञान मे प्रथम पुरस्कार मध्य विद्यालय, सहजौली (विषय वस्तु विद्युत धारा के रासायनिक प्रभाव), द्वितीय पुरस्कार उर्दू मध्य विद्यालय, बेलवनिया (विषय वस्तु वाटर टैंक इंडिकेटर) तथा तृतीय पुरस्कार मध्य विद्यालय, सारंगपुर (विषय वस्तु अम्ल क्षार तथा लवण) को मिला। पीबीएल मेला के सफल संचालन हेतू पीबीएल तकनीकी टीम के सत्यवान कुमार, निशांत वैभव, बसंत कुमार उपाध्याय आदि उपस्थित थे।
