बिहार में पढ़ाई,कमाई,दवाई,सिंचाई,सुनवाई वाला सरकार बनाना है।
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)04 नवंबर। सोमवार को विधानसभा चुनाव प्रचार में प्रतिपक्ष के नेता, पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी प्रसाद यादव का भोजपुर की धरती पर इंडिया गठबंधन समर्थित प्रत्याशियों के समर्थन में आगमन हुआ। धुआंधार प्रचार में भोजपुर जिला के जगदीशपुर, संदेश, आरा और बड़हरा मे जनसभाओं को संबोधित किया।
तेजस्वी यादव ने अपनी पहली जनसभा जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत स्वारथ साहू उच्च विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित की, जहाँ उन्होंने राजद प्रत्याशी किशोर कुणाल के पक्ष में जनता से समर्थन की अपील की। तेजस्वी यादव के जगदीशपुर पहुंचने पर राजद के भोजपुर जिलाध्यक्ष वीरबल यादव और जगदीशपुर के विधायक राम विशुन सिंह उर्फ लोहिया ने हेलीपैड पर फूल माला दे कर उनका अभिवादन किया। वहीं उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जगदीशपुर की धरती वीरों की धरती है, यहाँ के लोगों ने हमेशा अन्याय के खिलाफ आवाज़ उठाई है और आज फिर एक नई क्रांति की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वीर कुंवर सिंह किला मैदान को पर्यटक स्थल घोषित किया जाएगा, क्षेत्र में एक डिग्री कॉलेज की स्थापना की जाएगी और खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा।
इसके बाद दूसरी उड़ान में वे संदेश विधानसभा क्षेत्र के जोगता हाई स्कूल मैदान पहुँचे, जहाँ उन्होंने राजद प्रत्याशी दीपू सिंह एवं अगिआंव विधानसभा के भाकपा (माले) प्रत्याशी शिव प्रकाश रंजन के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। तेजस्वी यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन गरीबों, किसानों, युवाओं और मजदूरों की आवाज़ है, जिसे कोई दबा नहीं सकता। इस बार बिहार की जनता को पढ़ाई, कमाई, दवाई, सिंचाई, सुनवाई और कार्रवाई वाली सरकार देना है।
तीसरी उड़ान में तेजस्वी यादव आरा विधानसभा क्षेत्र के मझौवा हवाई अड्डा मैदान पहुँचे, जहाँ उन्होंने भाकपा (माले) प्रत्याशी कयामुद्दीन अंसारी और तरारी विधानसभा के माले प्रत्याशी मदन चंद्रवंशी के पक्ष में जनता का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि भोजपुर की जनता ने हमेशा न्याय और परिवर्तन का साथ दिया है, और इस बार भी जनता अन्यायपूर्ण सरकार को उखाड़ फेंकेगी।
इसके बाद चौथी उड़ान में वे बड़हरा विधानसभा क्षेत्र के सेमरिया पड़रिया खेल मैदान पहुँचे, जहाँ उन्होंने राजद प्रत्याशी श्री अशोक कुमार सिंह उर्फ रामबाबू सिंह के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस बार सरकार बदल देना है। भाजपा जदयू के राज में छात्र, युवा, महिला सभी लोग ठगा महसूस कर रहे है।जिन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर माताओं और बहनों को माई बहिन मान योजना का लाभ मिलेगा। युवाओं को रोजगार मिलेगा। हर घर में एक सरकारी नौकरी दी जाएगी। उन्होंने इंडिया गठबंधन के प्रण पत्र (घोषणापत्र) को समर्थन देने और सभी प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी प्रत्याशियों को जनता का आशीर्वाद दिलाते हुए जीत का माला पहनाया और कहा कि भोजपुर की जनता का यह प्रेम और विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। अब समय आ गया है कि हम मिलकर एक नए बिहार की नींव रखें।
उक्त कार्यक्रमों में सांसद सुदामा प्रसाद, पूर्व विधान पार्षद लालदास राय, विधायक किरण देवी, पूर्व विधायक अनवर आलम, विजयेंद्र यादव, अरुण यादव, भाई दिनेश, चंद्र दीप सिंह, प्रधान महासचिव रामबाबू पासवान, प्रवक्ता आलोक रंजन, युवा नेता सोनू राय, अमित ठाकुर, धनजीत राय, वीआईपी जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश बिंद, भाकपा माले जिला सचिव जवाहर प्रसाद, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक राम, रघुपति यादव, रेणु देवी, चिंता देवी, विनोद चंद्रवंशी, शैलेंद्र राम, देव समेत इंडिया गठबंधन के तमाम नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

