दो नाव, मोटर और 1293 लीटर अंग्रेज़ी शराब बरामद।
बड़हरा/भोजपुर (अश्वनी कुमार पिंटू)30 सितंबर ।शराबबंदी के सख्त कानून के बीच बड़हरा थाना पुलिस ने कांड संख्या 180/25 में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने रविवार की रात्रि छापेमारी कर एकौना सीरिसीया भागड नदी से संचालित हो रही तस्करी का भंडाफोड़ किया और मौके से लोहे व लकड़ी से बनी दो नाव, एक मोटर और कुल 1293.06 लीटर अंग्रेज़ी शराब जब्त की।
जानकारी के बरामद शराब में आफ्टर डार्क ब्लू ब्रांड की कुल 16 कार्टून खेप शामिल है, जिनमें 48-48 पीस के आधार पर कुल 768 पिस मिले हैं। हर बोतल 180 एमएल की थी, जिसकी कुल मात्रा 138.24 लीटर बैठती है। इसी तरह 8 पीएम स्पेशियल ब्लेंड ऑफ स्कॉच व्हिस्की का सबसे बड़ा स्टॉक जब्त हुआ है। इसमें 119 कार्टून के जरिए 5712 बोतलें और फटे कार्टूनों से 312 अतिरिक्त बोतलें मिलीं, यानी कुल 6024 बोतलें (प्रत्येक 180 एमएल) बरामद की गईं, जिनकी कुल मात्रा 1084.320 लीटर हुई।
इसके अलावा रॉयल स्टैग सुपीरियर व्हिस्की की दो प्रकार की बोतलें भी मिलीं। 750 एमएल वाली बोतलों में पांच कार्टून से 60 बोतल और खुले कार्टून से 11 बोतल मिलीं, यानी कुल 71 बोतल, जिनकी मात्रा 53.250 लीटर है। वहीं 375 एमएल वाली रॉयल स्टैग के एक कार्टून से 24 बोतल और अतिरिक्त 22 बोतल प्राप्त हुईं, यानी कुल 46 बोतल बरामद की गईं, जिनकी मात्रा 17.250 लीटर आंकी गई।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह पूरी खेप नाव के जरिए नदी मार्ग से दूसरे जिलों या राज्यों में भेजी जानी थी। शुरुआती जांच में तस्करी गिरोह के सक्रिय नेटवर्क की बात सामने आई है। बरामद नाव, मोटर और शराब को पुलिस ने अभिरक्षा में ले लिया है।
थाना प्रभारी बबलू कुमार ने बताया कि मामले में अनुसंधान जारी है और तस्करों की पहचान की जा रही है। जिला पुलिस ने इस कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि मानते हुए आने वाले दिनों में और सघन अभियान चलाने की बात कही है। शराबबंदी कानून के उल्लंघन पर की गई यह कार्रवाई पुलिस की सख्ती व सक्रियता का संकेत मानी जा रही है।

