
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)23 सितंबर।आज जिलाधिकारी भोजपुर तनय सुल्तानिया के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त, गुंजन सिंह की अध्यक्षता में बिहार शिक्षा परियोजना की जिला कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी,सर्व शिक्षा अभियान के द्वारा द्वारा पिछली 43वीं कार्यकारिणी समिति की बैठक की संपुष्टि की गई तथा 44 वीं बैठक में तैयार की गई सभी भौतिक एवं वित्तीय उपलब्धियों पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने उपस्थित सभी सदस्यों के समक्ष इन उपलब्धियों को साझा किया।साथ ही असैनिक निर्माण कार्य,कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में प्रशिक्षण, निजी विद्यालयों में नामांकन एवं गुणवत्ता शिक्षा संभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर भी चर्चा की गई। उप विकास आयुक्त ने जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में जिला कल्याण पदाधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए सभी रिक्त सीटों पे नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रबंध संरचना के अंतर्गत कार्यरत दैनिक मानदेय पर नियुक्त कर्मियों की सेवा अवधि के विस्तार तथा सफाई कर्मियों को दैनिक मजदूरी के समतुल्य मानदेय नियमानुसार प्रदान करने का निर्देश दिए गए।
इस बैठक में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, डीपीओ (आईसीडीएस), जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, मध्य विद्यालय मानपुर के प्रधानाध्यापक सहित कार्यकारिणी समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
